7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रुद्रप्रयाग: मंदाकिनी नदी में गिरी श्रद्धालुओं की कार, डीडीआरएफ-एसडीआरएफ के जवानों ने जान पर खेलकर बचाई 5 जिंदगियां

Rudraprayag news: रविवार तड़के रुद्रप्रयाग में तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के सामने अनियंत्रित होकर एक कार मंदाकिनी नदी में जा गिरी। फिलहाल, सभी को बचा लिया गया है...

2 min read
Google source verification
Rudraprayag news

Pc-IANS

Accident in Rudraprayag: पश्चिम बंगाल से केदारनाथ धाम जा रहे श्रद्धालुओं की एक कार अनियंत्रित होकर रुद्रप्रयाग में मंदाकिनी नदी में गिर गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने जान पर खेल कर पांच लोगों की जिंदगियां बचा ली। बताया जा रहा है कि यह हादसा तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप रविवार की सुबह 5 बजे के आसपास हुआ। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाकर पांच लोगों को बचा लिया।

तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के रुद्रप्रयाग में तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के सामने अनियंत्रित होकर एक कार मंदाकिनी नदी में जा गिरी। कार में सवार प्रिंस सिंह, सबीना सिंह, सुजोन मुखर्जी, रीजा मुखर्जी और चालक प्रदीप कुमार सवार थे, जो कार सहित नदी में गिर गए। इस दौरान आसपास के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने शोर मचाना शुरू किया और लोगों को बचाने की कोशिश की।

वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ और डीडीआरएफ को बुलाया और संयुक्त रूप से अभियान चलाना शुरु किया। रेस्क्यू करने पहुंचे जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना मंदाकिनी नदी में छलांग लगा दी। वहीं, पुलिस ने मौके पर एंबुलेंस भी बुला ली।

बाल-बाल बची जान

बताया जा रहा है कि कुछ देर मशक्कत करने के बाद रेस्क्यू टीम ने नदी में गिरे सभी पांच लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है, लेकिन दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि महिलाओं के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया है। वहीं, कार सवार तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

फिलहाल, पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को रुद्रप्रयाग स्थित जिला अस्पताल भिजवा दिया है जहां डॉक्टरों की देख रेख में उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने नदी में गिरी कार को भी बाहर निकाल लिया है। पुलिस ने बताया कि हादसा रविवार की सुबह हुआ है और संभावना जताई जा रही है कि चालक को झपकी आ गई होगी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई।