देहरादून

ससुर ने समधन को दांतों से काटा, ईंट से दामाद का सिर फोड़ा, कोर्ट परिसर में मची अफरा-तफरी

Crime News: ससुर और दामाद के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। गुस्साए ससुर ने ईंट से प्रहार कर दामाद का सिर फोड़ दिया। बीच बचाव में आई समधन को भी ससुर ने दांतों से काटकर घायल कर दिया। इस घटना से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी।

2 min read
Nov 14, 2025
हल्द्वानी में ससुर ने दामाद के सिर पर ईंट से प्रहार किया। फोटो सोर्स एआई

Crime News: ससुर और दामाद के बीच हुई भीषण भिड़ंत से हंगामा मच गया। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में विवाहिता के मायके और ससुराल पक्ष में चल रहे विवाद ने खूनी खेल का रूप अख्तियार कर लिया। यहां परिवार न्यायालय में गुरुवार को दहेज उत्पीड़न के मुकदमे की काउंसिलिंग को विवाहिता के ससुराल और मायके पक्ष के लोग पहुंचे हुए थे। यहां पर दोनों पक्षों के बीच गुरुवार को दूसरी काउंसिलिंग होनी थी। महिला ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया है। इस मामले में महिला के पति ने परिवार न्यायालय में अर्जी दी थी, जिसकी दूसरी काउंसिलिंग गुरुवार को जज कोर्ट स्थित न्यायालय में थी। विवाहिता यहां अपने पिता के साथ पहुंची थी जबकि उसका पति पिता, मां और बहन को लेकर न्यायालय परिसर पहुंचा हुआ था। काउंसिलिंग से पहले जब दामाद और और ससुर का आमना-सामना हुआ तो विवाद गहरा गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई थी। ससुर ने कोर्ट परिसर में ईंट से प्रहार कर अपने दामाद का सिर लहूलुहान कर दिया। इसी दौरान समधन अपने बेटे को बचाने पहुंची तो ससुर ने उसे भी दांतों से काटकर घायल कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी।

अस्पताल में कराया भर्ती

ससुर और दामाद के बीच हुई खूनी जंग से चारों ओर अफरा-तफरी मच गई थी। सिर पर ईंट लगने से दामाद लहूलुहान हो गया था। आसपास के लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया गया। इधर, बताया जा रहा है कि कोर्ट परिसर में विवाद तब गहराया जब दामाद ने ससुर को धक्का दिया था। धक्का लगने से ससुर पास खड़ी एक कार से टकरा गया था। गुस्से में आए ससुर ने कार के पास पड़े ईंट से दामाद का सिर फोड़ दिया था। उसके बाद उसने अपनी समधन को भी दांतों से काटकर घायल कर दिया।

Updated on:
14 Nov 2025 07:34 am
Published on:
14 Nov 2025 07:32 am
Also Read
View All

अगली खबर