देहरादून

 ISI का हैंडलर गिरफ्तार, उत्तराखंड पीएचक्यू और आईएसबीटी को बम से उड़ाने का मिला था टास्क

Terrorist Plot Exposed : एसटीएफ ने देश की सुरक्षा में सेंधमारी करने वाले पाकिस्तानी आईएसआई एजेंट के हैंडलर को देहरादून से गिरफ्तार किया है। ये हैंडलर संवेदनशील इलाकों के फोटो और लोकेशन पाकिस्तान भेज रहा था। उसे आईएसबीटी और पुलिस मुख्यालय को बम से उड़ाने का टास्क आतंकी संगठन ने दिया था।

2 min read
Apr 10, 2026
पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे और एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने आतंकी की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी दी

Terrorist Plot Exposed : एसटीएफ के हाथ आज बड़ी कामयाबी लगी है। एसटीएफ ने सटीक सूचना के आधार पर आज देहरादून में पाकिस्तानी आईएसआई एजेंट के खास हैंडलर को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तार से खुफिया एजेंसियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। उसकी शिनाख्त 29 वर्षीय विक्रांत कश्यप निवासी झाझरा, प्रेमनगर देहरादून के रूप में हुई है। सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी आतंकी संगठन अल बर्क ब्रिगेड के आतंकी शहजाद भट्टी का खास हैंडलर देहरादून में रह रहा है। वह देहरादून के सैन्य संस्थानों की लोकेशन और फोटो पाकिस्तान स्थित अपने आंकाओं को भेज रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान के विस्तार की योजना पर काम कर रहा था।

ऐसे हुआ बड़ा खुलासा

देहरादून में आईएसआई एजेंट के हैंडलर की गिरफ्तारी से हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल कल रात एसटीएफ और प्रेमनगर थाना पुलिस टीम ने अवैध पिस्टल के साथ विक्रांत कश्यप को गिरफ्तार किया था। उसके बाद पुलिस ने उसके व्हाट्सएप और सोशल मीडिया की जांच की तो सभी हैरान रह गए। उसी जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क था। वह शहजाद को सैन्य संस्थानों की गोपनीय जानकारियां भेज रहा था।

पहले ही मिल चुका था इनपुट

देहरादून में आईएसआई के हैंडलर की गिरफ्तार के बाद खुफिया एजेंसियां हरकत में आई हैं। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक राज्य भर में पेशेवर अपराधियों और राष्ट्र विरोधी तत्वों की  लगतार मॉनिटरिंग कराई जा रही थी। एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां ऐसे लोगों पर पैनी नजर रखे हुए थी। उसी दौरान पाकिस्तान से आतंकी संगठनों की ओर से भारतीय युवकों को इंस्टाग्राम समेत विभिन्न सोशल मीडिया के माध्यम से फॉलोवर्स बनाने, फिर उनसे स्लीपर सेल के रूप में अवैध गतिविधियां करवाने से जुड़े इनपुट मिले थे। इनपुट के आधार देहरादून में आईएसआई का हैंडलर गिरफ्तार किया गया।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या से था नाराज

खुफिया एजेसियों की जांच में सामने आया कि आईएसआई का हैंडलर विक्रांत कश्यप पंजाबी सिंगर सद्दू मूसेवाला का बड़ा फैन था। वह मूसेवाला की हत्या से बेहद नाराज था। वह मूसेवाला की हत्या का बदला लेने की तैयारी में था। उसी दौरान इंस्टाग्राम पर शहजाद भट्टी ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वालों से बदला लेने के संबंध में रील और पोस्टें डाली थी, जिससे वो प्रभावित हो गया था। उसके जाल में फंसकर वह उसका हैंडलर बन गया था।

दिल दहलाने वाला दिया था टास्क

पाकिस्तानी आईएसआई ने विक्रांत को अपने जाल में फंसाकर भयानक टास्क दिया था। शुरुआत में उसने  देहरादून के सैन्य संस्थान, महत्वपूर्ण भवन, आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की वीडियो, लोकेशन और फोटो बनाकर पाकिस्तान भेजे। उसके बाद शहजाद भट्टी ने उसे उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय और देहरादून आईएसबीटी को बम से उड़ाने का टास्क दिया था। इसके लिए आईएसआई ने उसे बम, हथियार, रुपये आदि गुर्जर नाम के एक व्यक्ति के माध्यम से मुहैया कराने की बात कही गई थी।  

Published on:
10 Apr 2026 07:39 pm
Also Read
View All