Kanwariya Shot Haridwar: हरिद्वार के कनखल में 221 लीटर गंगाजल लेकर लौट रहे ग्रेटर नोएडा के रहने वाले कांवड़िए अजय को गोली मार दी गई। गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग के साथ यात्रा कर रहे अजय पर विवाद के बाद हमला हुआ। घायल को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। जबकि हमलावर बुलेट बाइक छोड़कर फरार हो गए।
हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान एक युवक को गोली मारने की घटना सामने आई है। ग्रेटर नोएडा के रहने वाले अजय अपने साथियों के साथ 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर लौट रहा था। देर रात हाईवे किनारे विश्राम के दौरान कुछ युवकों से विवाद हो गया। जिसके बाद अजय को गोली मार दी गई। घायल को गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है।
हरिद्वार के कनखल इलाके में कांवड़ यात्रा के दौरान एक युवक को गोली मार दिए जाने से सनसनी फैल गई। घायल युवक की पहचान ग्रेटर नोएडा के रहने वाले अजय के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल वापस लौट रहा था। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, अजय करीब दस लोगों के एक दल के साथ विशेष कांवड़ यात्रा पर निकला था। यह दल 221 लीटर गंगाजल लेकर ग्रेटर नोएडा जा रहा था। रविवार देर रात यात्रा के दौरान सभी लोग गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे आराम करने के लिए रुके थे।
बताया जा रहा है कि उसी समय हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शोर-शराबा कर रहे थे। कांवड़ियों ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ देर बाद विवाद बढ़ गया और पुल पर मौजूद युवक नीचे आ गए। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने अजय पर गोली चला दी। गोली उसके कंधे में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। साथी कांवड़ियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे ऋषिकेश स्थित एम्स रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकले, लेकिन जल्दबाजी में अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। कांवड़ियों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश भी की गई है।