उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं और राज्य के कर्मचारियों से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम उम्र सीमा 25 से बढ़ाकर 28 साल कर दी गई है। वहीं, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों को पढ़ाई पूरी होने के बाद दो साल तक प्रदेश में सेवा देनी होगी। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय, श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, चीनी मिलों और पेयजल योजनाओं को लेकर भी फैसले किए गए।