
Nainital Mukteshwar Accident: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ क्षेत्र में पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में 22 से ज्यादा लोग सवार थे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।
टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रही थी। रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने पर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। वाहन पैराफिट तोड़ते हुए गहरी खाई में गिर गया। गनीमत रही कि नीचे पेड़ों पर जाकर फंस गया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। वाहन यूपी नंबर का था और इसमें हरियाणा, फरीदाबाद व दिल्ली के पर्यटक सवार थे।
हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। कोतवाली भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगातार बारिश के बावजूद जवानों ने बचाव कार्य शुरू किया। खाई की गहराई ज्यादा होने के कारण घायलों को निकालना चुनौतीपूर्ण रहा। जवानों ने कड़ी मेहनत से घायलों को एक-एक करके बाहर निकाला। भवाली के सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि 20 यात्रियों को घायल अवस्था में निकाला गया। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को हल्द्वानी रेफर किया गया है। एक यात्री वाहन के नीचे दबा है, जिसे कटर की मदद से निकालने का प्रयास जारी है।
सभी घायलों का रामगढ़ सीएचसी में प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू में पुलिस और एसडीआरएफ का पूरा सहयोग किया। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और बाकी घायलों को निकालने की कोशिश की जा रही है।
हादसे के बारे में जानकारी देते हुए भवाली सीओ रविकांत सेमवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वाहन यूपी नंबर का है। जिसमें हरियाणा, फरीदाबाद, दिल्ली के यात्री सवार थे। ये लोग मुक्तेश्वर से भवाली की तरफ आ रहे थे। हादसे के बाद 20 घायल यात्रियों को हल्द्वानी रेफर किया गया है। हादसे की जांच की जा रही है।