14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

UP Rain Alert: ‘कहीं समाया स्कूल, कहीं चारपाई बना सहारा!’ यूपी में बारिश और बाढ़ से बिगड़े हालात

UP Weather Forecast Heavy Rain Alert: उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश बारिश की वजह से नदियां उफान पर है। कई गांव बाढ़ के पानी में डूब गए है।
2 min read
Google source verification
UP Rain Alert

चारपाई से महिला और नवजात को पार कराई नदी (फोटो एआई)

UP Weather Forecast Heavy Rain Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, बरेली और संभल समेत 25 शहरों में अच्छी बारिश हुई। नोएडा में गलियों में एक-दो फीट तक पानी भर गया। मौसम विभाग ने आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 20 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

नदियां उफान पर, 80 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में

पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश का असर मैदानी इलाकों पर साफ दिख रहा है। गंगा, यमुना और शारदा समेत 10 नदियां चेतावनी बिंदु को पार कर गई हैं। प्रदेश के 16 जिलों में 80 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित फर्रुखाबाद है, जहां 49 गांव बाढ़ से घिरे हैं। उन्नाव में गंगा का पानी घरों में घुस गया है। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं और गलियों में नावें चल रही हैं। कानपुर के पांच से ज्यादा गांवों में भी पानी घुस गया है। बच्चे नाव से स्कूल जा रहे हैं।

बदायूं में स्कूल नदी में समाया

सबसे चौंकाने वाला मामला बदायूं का है। उसहैत क्षेत्र के कदम नगला स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा गंगा नदी में समा गया। पिछले 24 घंटे में करीब 200 बीघा जमीन नदी की चपेट में आ चुकी है। गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से महज 12 सेंटीमीटर नीचे बह रहा है। नरौरा बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है।

आगरा में चारपाई बना सहारा

आगरा से 50 किलोमीटर दूर पिनाहट गांव में बरसाती नदी उफान पर है। यहां एक व्यक्ति ने प्रसव के बाद पत्नी और नवजात बच्चे को चारपाई के सहारे नदी पार कराया। गांव वालों का कहना है कि नदी पर कोई पुल नहीं है। साल भर सूखी रहने वाली यह नदी बरसात में जानलेवा बन जाती है।

वाराणसी में घाट डूबे, मंदिर जलमग्न

वाराणसी में गंगा का पानी घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। 100 से अधिक छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल भी डूब गया है। वहीं बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में पूरे यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

अन्य जगहों की स्थिति

सीतापुर में तेज बारिश हुई तो बच्चे रेनकोट और छाते लेकर स्कूल गए। बिजनौर में गंगा के पानी के साथ मगरमच्छ गांवों में पहुंच रहे हैं। रायबरेली के कई मकान जलमग्न हो गए। बदायूं में छत गिरने से दो बच्चों समेत तीन लोग घायल हो गए। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज कर दिए हैं। लोगों से नदियों के किनारे न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है। मानसून अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहने वाला है।