
पिता के शव से अंगूठा लगवाता बेटा (photo- x @AnuragChaddha)
Lucknow Dead Father Thumb Impression Case: राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद इलाके से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बेटे ने अपने पिता की मौत के बाद अंतिम संस्कार से पहले उनके अंगूठे का इस्तेमाल सादे कागजों पर कर दिया। परिवार का दावा है कि इन कागजों के जरिए करीब 3 करोड़ रुपये की जमीन अपने नाम कराने की कोशिश की जा रही थी।
इस पूरी घटना का कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मृतक की उंगली पकड़कर कागज पर अंगूठा लगाते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं।मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो और परिवार की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आरोपों की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
मामला रहीमाबाद थाना क्षेत्र के खड़ौहा गांव का बताया जा रहा है। यहां 75 वर्षीय छत्रपाल और उनकी पत्नी शिवदेवी अपने बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी के साथ रहते थे। मृतक की बेटी सुमन का आरोप है कि माता-पिता और बेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार के मुताबिक, वर्ष 2023 में महेंद्र ने कथित तौर पर अपने माता-पिता को पैतृक घर से बाहर कर दिया था। इसके बाद छत्रपाल अपनी बड़ी बेटी सुमन के साथ रहने लगे। बेटे से नाराजगी के चलते छत्रपाल ने सार्वजनिक सूचना जारी कर उसे अपनी संपत्ति से बेदखल करने की बात कही थी। बेटियों के सेवा-सहयोग से खुश होकर उन्होंने अपनी करीब साढ़े छह बीघा जमीन में से एक-एक बीघा तीनों बेटियों के नाम करने की बात भी कही थी।
सुमन के मुताबिक, 7 जुलाई को पिता की तबीयत खराब हुई। इसकी जानकारी महेंद्र को दी गई। आरोप है कि महेंद्र अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के कुछ लोगों के साथ वहां पहुंचा और बेहतर इलाज कराने की बात कहकर पिता को अपने साथ ले गया। परिवार का दावा है कि इसके महज दो दिन बाद यानी 9 जुलाई को छत्रपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंतिम संस्कार के दौरान भी परिवार में विवाद हुआ। बेटियों का आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की गई।
सबसे गंभीर आरोप अंतिम संस्कार से ठीक पहले का है। बेटियों का कहना है कि पिता की मौत के बाद उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान महेंद्र ने अपने चचेरे भाई की मदद से कथित तौर पर मृत पिता की उंगली पकड़कर सादे कागजों पर अंगूठा लगवाया। परिवार का आरोप है कि इन कागजों का इस्तेमाल करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की साढ़े छह बीघा जमीन से जुड़े अधिकार अपने नाम कराने के लिए किया जाना था। मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद मृतक की बेटियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस वायरल वीडियो समेत सामने आए अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि सादे कागजों पर लगाए गए अंगूठे का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया और जमीन से जुड़े दस्तावेजों में इसका कोई कानूनी इस्तेमाल हुआ या नहीं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
Updated on:
14 Aug 2026 01:54 pm
Published on:
14 Aug 2026 01:54 pm
