New Order : एलपीजी की बढ़ती किल्लत और अफरा-तफरी के बीच सीधे एजेंसियों से गैस वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले एजेंसी संचालकों को वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
New Order : ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच चल रहे भीषण युद्ध के चलते बाहरी देशों से एलपीजी आदि पैट्रोलियम की सप्लाई बाधित चल रही है। इसके चलते देश में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की कतारें लग रही हैं। कई इलाकों में भीड़ पर काबू करने के लिए पुलिस फोर्स भी तैनात करनी पड़ रही है। इंडेन का बुकिंग सर्वर खराब होने से परेशानी और बढ़ गई है। इसी का देखते हुए नैनीताल जिले में एजेंसियों से गैस सिलेंडर की सप्लाई पर बैन लगा दिया गया है। डीएम ने जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। डीएम ने गैस एजेंसियों से सिलेंडर वितरण पर रोक लगा दी है, ताकि भारी भीड़ के चलते कानून व्यवस्था खराब न हो। प्रशासन ने नैनीताल जिले में सभी गैस एजेंसियों को निर्देश जारी किए हैं कि उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर जाकर ही एलपीजी का वितरण करें। वर्तमान में ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी जनरेशन में आ रही तकनीकी बाधाओं के कारण, जो उपभोक्ता फोन या ऐप के माध्यम से बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं, वह केवल बुकिंग करवाने के लिए गैस एजेंसी कार्यालय जा सकते हैं।
नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जन सामान्य और सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह अपने परिजनों या वाहनों के साथ गैस एजेंसियों में एकत्र न हों। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी स्टॉक मौजूद है। समयबद्ध तरीके से एलपीजी का डोर-टू-डोर वितरण होगा। लिहाजा लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। एसएसपी ने आदेश का उल्लंघन करने वाले गैस एजेंसियों और संबंधित स्टॉक होल्डरों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है