देहरादून

केदारनाथ के लिए आज से शुरू होगी हेली टिकट ऑनलाइन बुकिंग, जालसाजों से रहें सावधान

Chardham Yatra 2026 : चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। एक ओर जहां चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण जोरों से हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर केदानाथ धाम के लिए हेली टिकट की ऑनलाइन बुकिंग का पोर्टल भी आज से खुल जाएगा। हेली टिकट की बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट से ही कराएं।
2 min read
Apr 15, 2026
Online booking for Heli service to Kedarnath Dham starts from today evening
केदारनाथ धाम के लिए आज से हेली टिकट की ऑनलाइन बुकिंग शुरू होगी

Chardham Yatra 2026 : चारधाम यात्रा की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए बेहद अहम खबर है। बता दें कि उत्तराखंड में 19 अप्रैल से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलते ही चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। वहीं, 22 अप्रैल को केदारनाथ जबकि 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुल जाएंगे। उसके साथ ही चारधाम यात्रा पूर्ण रूप से शुरू हो जाएगी। इन दिनों देश-विदेश के भक्तगण चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। अब तक लाखों भक्त ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इधर, अब केदारनाथ धाम के लिए हेली शटल सेवा की ऑनलाइन बुकिंग भी आज से शुरू होने जा रही है। आईआरसीटीसी आज शाम छह बजे हेली बुकिंग के पोर्टल को खोल देगा। पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की केदारनाथ यात्रा के टिकट ऑनलाइन बुक करा सकते हैं। यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान के मुताबिक केदारनाथ धाम के लिए 22 अप्रैल से हेली सेवा का संचालन शुरू हो जाएगा।

यहां से करें ऑनलाइन बुकिंग

केदारनाथ धाम के लिए आज से हेली टिकट बुकिंग शुरू हो जाएगी।  आज शाम छह बजे से केदारनाथ धाम के लिए ऑनलाइन हेली बुकिंग पोर्टल खुल जाएगा। हेली बुकिंग https://heliyatra.irctc.co.in से होगी। अधिकारियों ने सोशल मीडिया या प्रलोभन देने वाले वेबसाइट लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की है। बता दें कि साइबर ठगों  ने केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा बुकिंग के नाम पर पिछले साल कई भक्तों से ठगी की थी। लिहाजा हेली टिकट बुकिंग कराते समय आपको केवल आधिकारिक वेबसाइट का ही प्रयोग करना होगा।

इन धामों के कपाट खुलने की तिथियां घोषित

उत्तराखंड में तुंगनाथ धाम और मदमहेश्वर धाम के कपाट खुलने की तिथियां भी घोषित हो गई हैं। द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर और तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट खोलने की तिथियां कल वैशाखी पर घोषित की गईं। पंचांग गणना के आधार पर दोनों धामों के कपाट खोलने की तिथियां घोषित हुईं। तुंगनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को शुभ मुहूर्त और मिथुन लग्न में ग्रीष्मकालीन यात्रा के लिए खोल दिए जाएंगे। 20 अप्रैल को भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ से रवाना की जाएगी। वहीं, भगवान मदमहेश्वर के कपाट 21 मई को कर्क लग्न में शुभ मुहूर्त में खोले जाएंगे।  17 मई को ओंकारेश्वर मंदिर में चल विग्रह मूर्तियों को गर्भगृह से सभा मंडप में विराजमान किया जाएगा। वहीं 18 मई को भक्तों को डोली दर्शन होंगे और 19 मई को डोली ओंकारेश्वर मंदिर से कैलाश के लिए प्रस्थान करेगी।

Updated on:
15 Apr 2026 07:44 am
Published on:
15 Apr 2026 07:44 am