देहरादून

मौसम बिगड़ेगा : 23, 24, 25 जनवरी को पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश और पहाड़ों में हिमपात की चेतावनी

IMD Warning : मौसम मेहरबान होने वाला है। आईएमडी ने राज्य में 22 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और पहले दिन पांच जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी ने 23 से 25 जनवरी तक प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 22 जनवरी से चार दिन तक पर्वतीय इलाकों में अच्छी खासी बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।
2 min read
Jan 19, 2026
The weather in Uttarakhand may turn severe from January 22nd. The IMD has issued a warning for rain across the state and snowfall in the hills from January 23rd to 25th
23 से 25 जनवरी तक पूरे उत्तराखंड में बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट जारी हुआ है

IMD Warning : मौसम का मिजाज तल्खी भरा होने वाला है। आईएमडी की रिपोर्ट कुछ इसी ओर इशारा कर रही है। इन दिनों उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के अभाव में सूखा पड़ा हुआ है। जनवरी तक बर्फ से दकदक रहने वाले पहाड़ हिमविहीन नजर आ रहे हैं। शनिवार दोपहर बाद हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ और नीती घाटी की ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी जरूरी हुई थी, जोकि नाकाफी साबित हुई। निचले इलाकों के लोग बारिश-बर्फबारी का इंतजार करते रहे। पहाड़ों में हल्की बर्फबारी का असर पूरे प्रदेश में दिख रहा है। रविवार से पर्वतीय इलाकों में हाड़तोड़ ठंड देखने को मिल रही है। बर्फीली हवाएं मानो शरीर को भेदने को बेताब हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर राज्य के मैदानी इलाके भी भीषण ठंड की चपेट में हैं। आईएमडी की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट सुकून देने वाली है। आईएमडी के मुताबिक 19, 20 और 21 जनवरी को समूचे उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। राज्य में 22 जनवरी से मौसम करवट बदलेगा। आईएमडी ने 22 जनवरी को घनघोर नभ गर्जना के साथ उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में बारिश और राज्य में 3000 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दिन आकाशीय बिजली कड़कने का यलो अलर्ट जारी हुआ है। आईएमडी के मुताबिक 23 से 25 जनवरी तक राज्य के सभी जिलों में बारिश के आसार हैं।

2500 मीटर ऊंचाई तक बर्फबारी

आईएमडी के मुताबिक 23 जनवरी को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के अनेकों स्थानों पर झमाझम बारिश हो सकती है। राज्य के शेष पर्वतीय जिलों के कुछ स्थानों जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक 23 से 25 जनवरी तक उत्तराखंड में 2500 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हो सकती है। 24 और 25 जनवरी को भी राज्य के सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। इस सीजन में राज्य के 2500 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में पहली बार बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी हुआ है। इससे पहले 3000 या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में ही बर्फबारी की चेतावनी जारी हुई थी। बड़ी बात ये भी है कि इस सीजन में पूरे प्रदेश में बारिश का पूर्वानुमान भी पहली बार जारी हो रहा है।

Updated on:
19 Jan 2026 03:39 pm
Published on:
19 Jan 2026 03:39 pm