
Uttarakhand Cabinet Meeting 23 Decisions: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं और राज्य के कर्मचारियों से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम उम्र सीमा 25 से बढ़ाकर 28 साल कर दी गई है। वहीं, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों को पढ़ाई पूरी होने के बाद दो साल तक प्रदेश में सेवा देनी होगी। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय, श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, चीनी मिलों और पेयजल योजनाओं को लेकर भी फैसले किए गए।
सरकार ने वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 साल कर दी है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी। आबकारी विभाग में भी 11 नए पद बनाए जाएंगे। इनमें उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद शामिल हैं।
राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा बॉन्ड लागू होगा। पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉक्टरों को दो साल तक उत्तराखंड में सरकारी सेवा देनी होगी। चिकित्सा विभाग से जुड़े दो अन्य फैसले भी लिए गए हैं। उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को मंजूरी दी गई है। वहीं, कर्मचारी राज्य बीमा योजना के फार्मा संवर्ग में बदलाव के बाद अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। अभी उन्हें हर महीने 8,300 रुपये मिलते हैं। बढ़ोतरी के बाद यह राशि 10 हजार रुपये हो जाएगी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी पर फैसला लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया है।
सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद भी बनाया जाएगा। इसके अलावा श्रम विभाग के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन होगा। इसके जरिए असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जाएंगी।
खबर अपडेट हो रही है