उत्तराखंड के देहरादून में भाजपा की तीन राज्यों में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में जीत का जश्न धूमधाम से मनाया गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया। झालमुड़ी बांटकर खुशियां साझा की गईं।
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत का जश्न उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी उत्साह के साथ मनाया गया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक झालमुड़ी का आनंद लेते हुए एक-दूसरे को बधाई दी।
देहरादून स्थित उत्तराखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार को उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। जब पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में पार्टी की जीत का जश्न मनाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस मौके पर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। उनके साथ मिलकर खुशी साझा की। कार्यालय परिसर में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं ने नाच-गाकर जीत का उत्सव मनाया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खास तौर पर झालमुड़ी का भी आनंद लिया। जो पूर्वी भारत का प्रसिद्ध व्यंजन है और इन राज्यों की जीत से जुड़ा सांस्कृतिक प्रतीक भी माना गया। माहौल पूरी तरह उत्साह और जोश से भरा हुआ था। जहां कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि यह ऐतिहासिक जीत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति और पार्टी संगठन के मजबूत मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता के समर्पण और अथक परिश्रम ने इस विजय को संभव बनाया है।
धामी ने आगे कहा कि गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक लहराता भगवा परचम केवल एक राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि ‘सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम’ के मूल मंत्र का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी पार्टी इसी तरह जनता का विश्वास जीतती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। आगामी चुनावों में भी इसी उत्साह के साथ काम करने का भरोसा जताया।