
हरिद्वार एसएसपी। PC: Haridwar Police Uttarakhand
Haridwar Gangrape: हरिद्वार के खानपुर क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में लापरवाही बरतना इंस्पेक्टर को भारी पड़ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने खानपुर थाना प्रभारी दिगपाल सिंह कोहली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनकी जगह साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ कुछ ने दरिंदगी की। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया और लोग भी काफी गुस्से में हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने तुरंत कोई एक्शन नहीं लिया। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने एक्शन लिया है। उन्होंने खानपुर के इंस्पेक्टर दिगपाल सिंह कोहली को निलंबित कर दिया। इस कारवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाने की व्यवस्था में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार को खानपुर थाने का नया प्रभारी निरीक्षक (इंस्पेक्टर) नियुक्त कर दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने तत्काल प्रभाव से पोक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। सीआईयू (क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट) को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसने तेजी दिखाते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
एसएसपी ने सपष्ट किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करके कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी और पीड़िता को उचित न्याय मिलेगा।
Updated on:
02 May 2026 12:30 pm
Published on:
02 May 2026 11:38 am
