Government Order:प्रदेश के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम… गायन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। सुबह प्रार्थना के समय सभी स्कूलों में ये गीत गाया जाएगा। शिक्षा निदेशालय स्तर से इसके आदेश जारी हो गए हैं।
Government Order:वंदे मातरम गायन स्कूलों में सुनाई देगा। सभी बच्चे, शिक्षक, स्टाफ और गणमान्य लोग गीत का गायन करेंगे। उत्तराखंड शिक्षा निदेशालय ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रगीत ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन की अलख जगाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। राष्ट्रगीत लोगों में देश प्रेम की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राष्ट्रगीत सभी स्कूलों में अनिवार्य रूप में गाया जाना चाहिए। इससे बच्चों में भी देश प्रेम की भावना मजबूत होगी। इसी को देखते हुए उत्तराखंड के सभी स्कूलों में सस्वर राष्ट्रगीत गायन के आदेश जारी हुए हैं। संविधान दिवस पर 26 नवंबर को राज्य में 21 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं राष्ट्रगीत का गायन करेंगे। राष्ट्रगीत गायन के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की शत प्रतिशत भागीदारी रहेगी।
राष्ट्रगीत गायन के लिए 26 नवंबर को स्कूलों में अभिभावकों और जन प्रतिनिधियों व आम नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों और उनकी प्रथम पीढ़ी तथा शहीदों के परिजनों को आमंत्रित करने के निर्देश भी जारी किए हैं। 26 नवंबर को राष्ट्रगीत गायन वृहद स्तर पर होगा। इसके लिए स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे।