रुद्रप्रयाग के विक्रम सिंह केदारनाथ से लौटते समय हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए। बेटी की शादी की तैयारी में जुटे विक्रम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रुद्रप्रयाग के रांसी गांव के विक्रम सिंह की दुनिया उस समय उजड़ गई, जब वे अपनी बड़ी बेटी की शादी की तैयारी के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे। वे केदारनाथ से वापस आ रहे थे, तभी हेलीकॉप्टर हादसे में उनकी जान चली गई।
46 वर्षीय विक्रम सिंह बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) में वर्ष 2010 से स्वयंसेवक के रूप में कार्यरत थे। वे अस्थाई रूप से मदमहेश्वर, तुंगनाथ, मक्कूमठ, कालीमठ समेत कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सेवाएं दे चुके थे।
विक्रम सिंह 2 मई को केदारनाथ में सेवा देने गए थे। इन दिनों वे अपनी बड़ी बेटी के विवाह की तैयारियों में जुटे थे। कुछ दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव लौट रहे थे। लेकिन विधि को कुछ और ही मंजूर था। हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उनकी मौत ने पूरे गांव और परिवार को गहरे शोक में डाल दिया।
उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी की शादी के सपनों में रंग भरने जा रहे विक्रम अब इस दुनिया में नहीं रहे। गांव के लोग उन्हें एक मेहनती, सरल और धर्मनिष्ठ व्यक्ति के रूप में जानते थे।