"होनहार बिरवान के होत चीकने पात" यह कहावत यूपी के छोटे से जिले देवरिया के आयुष्मान सिंह ने चरितार्थ कर दिया है। इनके शानदार प्रदर्शन से यूपी की टीम ने नेशनल लेवल पर गोल्ड मेडल हासिल करने में सफलता पाई।
बंगाल में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए देवरिया जिले के ग्राम देवकली जयराम निवासी आयुष्मान सिंह पुत्र अमित सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले और यूपी का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमका है।
प्रतियोगिता में आयुष्मान सिंह ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई। उनके शानदार प्रदर्शन ने न केवल उत्तर प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का एक नया मानदंड भी स्थापित किया है। इस उपलब्धि के बाद गांव में प्रथम आगमन पर आयुष्मान सिंह का ग्रामवासियों एवं परिवारजनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विनय राव, ब्रजेश राव, पिंटू राव, अतुल राव, वैभव राव, तरुण राव, प्रियांशु राव सहित समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने आयुष्मान को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीणों ने कहा कि आयुष्मान सिंह की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। जिले के लोगों ने आशा व्यक्त की है कि आयुष्मान सिंह भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।