देवरिया

जेल में विधायक से मिलने पहुंचे राज बब्बर, बाहर आकर बोले योगी सरकार जनता का साथ देने की सजा दे रही है

देवरिया जेल में बंद कांग्रेस विधायक अजय कुमार लल्लू से मिलने पहुंचे राज बब्बर।
2 min read
Raj Babbar and Nasimuddin Siddiqui
राज बब्बर और नसीमुद्दीन सिद्दीकी

देवरिया. बड़ी गंडक नदी और एपी बंधे के मध्य क्षेत्र में खनन का विरोध कर रहे जेल में बंद तमकुहींराज के विधायक अजय कुमार लल्लू से मिलने मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर देवरिया जेल पहुंचे। वहां उन्होंने अजय लल्लू से पूरे एक घंटे तक मुलाकात की। बाहर निकलकर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दे उठाने के चलते कांग्रेस विधायक को जेल में डाल दिया गया है, तंज करते हुए कहा कि यही योगीराज है। उनके साथ कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी और एमएलसी दीपक सिंह भी मौजूद थे।


राज बब्बर ने जमकर यूपी की बीजेपी सरकार पर हमले किये। उन्होंने कुशीनगर जिला प्रशासन को भी कटघरे में खउ़ा करते हुए कहा कि प्रशासन खुद बालू खनन का काम करा रहा है और यह बिल्कुल गलत है। जिला प्रशासन ने अब तक यह नहीं बताया है कि आखिर किसकी रिपोर्ट पर खनन शुरू किया गया है। इस खनन से इलाके के गांवों को खतरा है।

लोगों को बाढ़ का कहर झेलना पड़ सकता है। यही वजह है कि जनता लगातार इसका विरोध कर रही है। जनता के मुद्दे पर उनका साथ देने और उनकी लड़ाई लड़ने के लिये विधायक अजय कुमार ग्रामीणों के साथ खुद धरने पर बैठ गए। गांव के लोगों का साथ देने के चलते ही उन्हें गिरफ्तार किया गया है। जिन धाराओं में निरुद्ध किया गया है वह सभी जमानती हैं। मीडिया से बातचीत के बाद वह कुशीनगर के धरना स्थल के लिये रवाना हो गए। राज बब्बर के साथ दर्जन भर से अधिक कांग्रेस नेता जेल में बंद विधायक से मिलने पहुंचे थे।


बता दें कि तमकुहींराज के कांग्रेस विधायक अजय कुमार लल्लू को पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार किया था, जब वो बड़ी गंडक नदी और एपी बंधे के मध्य क्षेत्र में खनन का विरोध कर रहे ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर ले गई। इसके बाद सोमवार को धरना दे रहे लोगों पर पुलिस ने लाठी चार्ज करवा दी। ग्रामीणों और पुलिस के बीच संघर्ष भी हुआ। अभी भी इलाके के लोग वहां खनन का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस खनन से बड़ी तादाद में गांवों के बाढ़ से प्रभावित होने का खतरा है।
by Surya Prakash Rai

Published on:
11 Apr 2018 12:08 am