
सुन्द्रेल/बिजवाड़ दीपक शर्मा. पानीगांव बैक ऑफ इंडिया की शाखा का एकमात्र एटीएम बिजवाड़ चौराह पर लगा हुआ है, लेकिन एटीएम में कभी पैसे रहते हैं तो कभी पैसे नहीं रहते। लोग दूर.दूर से इस एटीएम के चक्कर में पैसे निकालने के लिए आ जाते है, लेकिन पैसे की जगह इस एटीएम से रसीद ही निकलती है। एटीएम में पैसा नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को वापस निराश खाली हाथ घर लौटना पड़ता है। बिजवाड़ चौराहा का यह एटीएम मात्र शोपीस बनकर रह गया है। एटीएम के बंद रहने से बैंक की पानीगांव शाखा में ग्रामीणों की भीड़ पैसा निकालने व जमा करने के लिए पहुंच रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के लोग भी पैसे निकालने में लाइन में लगे हुए हैं। लोग सुबह से ही बैंक मेंं पैसा निकालने के लिए पहुंच जाते हैं, लेकिन बैंक में इतनी भीड़ रहती है कि लोगों को पैर रखने की जगह नहीं रहती। बैंक में कई बुजुर्ग महिला भी देखने को मिली हैं जो इस भीड़ में परेशान नजर आई। यदि बिजवाड़ के एटीएम में समय समय पर पैसा डलता रहे और एटीएम में पैसा खत्म न हो तो शायद बैंक में इतनी भीड़ न लगे लेकिन बिजवाड़ का एटीएम मात्र शोपीस बनकर रह गया है।
अत्येष्टि के लिए सौंपी राशि
सतवास. समीप ग्राम पंचायत बामनी बुजुर्ग में पंजीकृत असंगठित कामगार की मौत होने पर राज्य शासन के आदेशानुसार मृतक की अत्येष्टि के लिए 5 हजार रुपए की नकद राशि सरपंच लोकेश गुर्जर व सचिव श्यामसुन्दर सोलंकी ने उसके परिजन को सौंपी। इस दौरान ग्राम के अशोक गुर्जर,मनोहर दरबार,सालगराम गुर्जर,हुकुम गुर्जर,राजाराम आदि उपस्थित थे।
स्कूल में दिलाया प्रवेश
नेवरीफाटा. क्षेत्र के सभी स्कूल सोमवार से खुल गए। इसी दौरान ग्राम नराना से सोहन पटेल परिवार ने छात्र देवराज पटेल को घर से तिलक लगाकर, फूलों का हार पहना व मिठाई वितरित कर स्कूल में प्रवेश दिलाकर नए शिक्षा सत्र में नई परंपरा की शुरुआत की। परिवार के सदस्यों ने बालक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।