देवास

भतीजे को फोन कर कहा-मैं आत्महत्या कर रहा हूं…मेरे घर का ध्यान रखना

ग्राम मुंगावदा निवासी व्यक्ति ने लगाई फांसी, कर्ज की परेशानी की बात आई सामनेलोगों से लिया था कर्ज, कर रहे थे परेशान

2 min read
Nov 12, 2019
कल्याण सिंह राठौर

देवास. ग्राम मुंगावदा निवासी एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे कर्ज के दबाव की बात सामने आई। यह भी कहा गया कि किसी व्यक्ति ने उनसे रुपए छीन लिए थे, जिस कारण तनाव में थे। घटना से पहले अपने भतीजे को फोन कर परेशानी बताई और कहा था कि आत्महत्या कर रहा हूं । मेरे घर का ध्यान रखना।
जानकारी के मुताबिक घटना ग्राम मुंगावदा की है। मृतक का नाम कल्याण सिंह पिता भगवान सिंह राठौर (55) है। रविवार शाम को उसने अपने घर में फांसी लगा ली। घरवालों को पता चला तो घबरा गए। 108 एंबुलेंस और 100 डायल को सूचना दी। मृतक को अस्पताल ले गए जहां मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। इसके बाद गांव में अंत्येष्टि हुई।
कर्ज के कारण रहते थे परेशान
मृतक के भतीजे नरेंद्रसिंह राठौर ने बताया कि काका दूध का व्यवसाय करते थे। उन पर कर्ज हो गया था। कुछ लोगों से रुपए उधार लिए थे। कुछ समय पहले उनकी दो भैंस व एक गाय मर चुकी थी। इस कारण परेशान रहने लगे। लोग उनसे पैसे मांगते रहते थे। किसी खली वाले के पैसे भी उधार थे। मकान पर प्रायवेट फायनेंस भी करवाया था जिसकी किश्त चल रही थी। इसके चलते वे परेशान रहने लगे। रविवार दोपहर करीब 2 मुझे फोन किया और कहा कि मैं आज आत्महत्या कर लूंगा। मेरे घर का ध्यान रखना। मैंने उनसे कहा कि मैं आता हंू। बैठकर बात करेंगे। सब ठीक हो जाएगा, लेकिन शाम को उन्होंने फांसी लगा ली। ऐसी जानकारी मिली कि रविवार को उनके पास करीब 10 हजार रुपए थे। 1200 रुपए घर पर दिए थे। बाकी के रुपए उनसे किसी ने छीन लिए। वे करीब दो माह से काम पर भी जा रहे थे जहां से कुछ रुपए मिल जाते थे। करीब एक बीघा जमीन उनके पास थी। किसकी कितनी उधारी थी यह उनकी डायरी देखने पर ही पता चलेगा। उनकी तीन बेटियां है जिनकी शादी हो चुकी है। एक बेटा देवेंद्र सिंह है जो फौज में है। हाल ही में अलवर में पोस्टिंग हुई है। खबर मिलने पर वह भी सोमवार सुबह देवास पहुंच गया।
बयानों के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
सीएसपी अनिलसिंह राठौर ने बताया कि मर्ग कायम किया है। भतीजे से बात हुई है। ज्यादा कुछ जानकारी नहीं मिली है। रुपए की उधारी की बात सामने आई है। परिजनों के बयान लेना शेष है। थाने पर भी इस संबंध में किसी ने शिकायत नहीं की थी। बयानों के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Published on:
12 Nov 2019 10:40 am
Also Read
View All

अगली खबर