
देवास. नवरात्र प्रारंभ होते ही मध्यप्रदेश के देवास में स्थित मां चामुंडा के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमडऩे लगा। सुबह से ही श्रद्धालु माता की भक्ति में लीन नजर आने लगे, कोई पूजा अर्चना कर रहा था, तो कोई आरती में खड़ा होकर जयकारे लगा रहा था।
देवास में मां चामुंडा का भव्य दरबार है, यहां मुख्य मार्ग पर ही टेकरी पर माता विराजमान है। वैसे तो सालभर ही यहां श्रद्धालु अपनी हाजरी लगाने आते हैंं। लेकिन नवरात्र में यहां श्रद्धालुओं की संख्या को कोई हिसाब नहीं रहता है, देशभर से श्रद्धालु विभिन्न साधनों के माध्यम से माता के दर्शन करने पहुंचते हैं। ऐसा ही नजारा गुरुवार को नवरात्र प्रारंभ के दिन भी नजर आया, सुबह ही आरती में ही सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए थे, इस दौरान माता की भव्य आरती की गई। तो मंदिर परिसर में चामुंडा माता के जयकारे गूंजने लगे।
कामना पूरी होने पर घुटनों के बल आते हैं श्रद्धालु
कहा जाता है कि माता सभी की मनोकामना पूरी करती है, यहां कुछ श्रद्धालु जो यह बोलकर जाते हैं कि मनोकामना पूरी होने पर घुटनों के बल चल कर आएंगे, वे अपनी मनोकामना पूरी होने पर घुटनों के बल चलकर माता के दरबार पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें घुटनों के बल चलने में भी कोई दिक्कत नहीं होती है, क्योंकि उनकी आस्था के उन्हें किसी प्रकार की पीड़ा नहीं होती है, नवरात्रि के दौरान यह काफी संख्या में देखे जा सकते हैं।
नवरात्रि प्रारंभ
माता की आराधना का पर्व नवरात्रि देशभर में गुरुवार को प्रारंभ हो गया है, घट स्थापना के साथ ही श्रद्धालु माता की आराधना में लीन हो गए हैं। इस बार तिथियों के घटने बढऩे के कारण नवरात्रि 8 दिन तक रहेगी, जिसके तहत 13 अक्टूबर को अष्टमी का पूजन होगा।
मास्क पहनकर जरूर जाएं
नवरात्र में माता के मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, आप अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने, मास्क जरूर लगाएं और हाथ भी सैनेटाईज करते रहें, इससे आप सुरक्षित रहेंगे। आप लोगों को भी सुरक्षित रहने के लिए मास्क, सोशल डिस्टेसिंग और सैनेटाईजर का उपयोग करने की सला दे सकते हैं।