देवास

अपने घर के पलंग पर मिला युवक का शव, गला दबाकर हत्या की आशंका

-हरणगांव थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव का मामला, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
2 min read
• •
Updated: 28 Aug 2023, 2:09 PM IST
अपने घर के पलंग पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
अपने घर के पलंग पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

देवास. जिले के दूरस्थ अंचल के हरणगांव थाना क्षेत्र के रतनपुर में एक युवक का शव अपने ही घर के पलंग में रविवार सुबह पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच करते हुए मौका पंचनामा बनाया। प्रथमदृष्टया मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है, पीएम रिपोर्ट आने की बात कही जा रही है।जानकारी के अनुसार रतनपुर निवासी अर्जुन मीणा का शव उसके घर में पलंग पर मिला। पुलिस ने जांच शुरू की और जिला मुख्यालय से जिला वैज्ञानिक अधिकारी एफएसएल आरसी भाटी को जांच के लिए बुलवाया गया। भाटी ने घटनास्थल का मुआयना कर रिपोर्ट तैयार की। बताया जा रहा है कि अर्जुन के साथ उसके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता व एक विधवा बहन रहती है। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो गला दबाकर हत्या करने की आशंका है। उधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कन्नौद आकाश भूरिया ने बताया पीएम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है, पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल मर्ग कायम किया गया है।

गाय से टकराकर बाइक सवार की मौत
देवास. उज्जैन रोड पर सिंगावदा क्षेत्र में हुए हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अचलूखेड़ी क्षेत्र में वारंटी की तलाश में गई सिविल लाइन पुलिस को लौटते समय एक युवक घायल अवस्था में सिंगावदा पावर हाउस के समीप मिला था। डायल-100 वाहन से युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। टीआई अजय चानना ने बताया घटना शनिवार रात करीब एक बजे की थी। मृतक का नाम सलमान निवासी देवास सामने आया है, मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। ऐसी जानकारी सामने आई है कि गाय से टकराकर बाइक सवार की मौत हुई है।

Updated on:
28 Aug 2023, 2:09 PM IST
Published on: