
jitu patwari asks adm to drink alcohol, शराब दिखाते जीतू पटवारी (Source-Patrika)
Jitu Patwari Dewas Liquor Case: मध्यप्रदेश के देवास जिले के ग्राम चंदाना में शराब पीने से हुई मौतों के बाद कांग्रेस लगातार हमलावर है। पूर्व में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ग्राम चंदाना का दौरा किया था। इसके बाद मंगलवार दोपहर फिर पटवारी देवास पहुंचे और विरोध में निकाली जा रही रैली में शामिल हुए। इस दौरान जीतू पटवारी शराब के 10 क्वार्टर भी खरीद कर लाए थे जिन्हें दिखाते हुए उन्होंने एडीएम से कहा- इसे पीकर देख लीजिए, इससे अच्छी जांच क्या होगी?
प्रदर्शन के दौरान जीतू पटवारी देशी शराब के 10 क्वार्टर साथ लेकर आए थे। उन्होंने अफसरों से कहा कि ये मैं यहीं से खरीदकर लाया हूं। शराब के क्वार्टर पर रेफर व टेग नहीं हैं, आप कह रहे हैं जहरीली शराब की जांच कराएंगे, अरे शराब पीने वाला ही मरा है। उन्होंने एडीएम को एक क्वार्टर देकर कहा कि इसे पीकर देख लो, इससे अच्छी जांच क्या होगी। लोग शराब से मर रहे हैं, लेकिन प्रशासन, पानी के सैंपल ले रहा हैं। जीतू पटवारी ने आगे कहा कि इस प्रकरण में दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा चलाया जाना चाहिए और अगर एफआईआर नहीं होती है तो मैं स्वयं देवास से उज्जैन तक पदयात्रा कर, उचित कार्रवाई की मांग करूंगा। पटवारी ने आरोपी लगाया कि मृतकों की विसरा जांच रिपोर्ट में भी अनावश्यक विलंब किया जा रहा है।
चंदाला में शराब पीने के बाद हुई मौतों को लेकर मंगलवार को देवास में शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम और ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में गांधी प्रतिमा से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली गई। रैली में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता व मृतकों के परिजन शामिल रहे। इसके बाद भोपाल रोड स्थित कलेक्टर कार्यालय के सामने रोड के दोनों ओर कार्यकर्ता जमीन पर बैठ गए। आंदोलन को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और बेरिकेट्स लगाए गए थे। प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग की लेकिन मौके पर एडीएम शोभाराम सोलंकी, एसडीएम अभिषेक शर्मा व सीएसपी सुमित अग्रवाल पहुंचे। पटवारी ने उनसे सीधे सवाल किए। प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि सभी मृतकों को जहर देकर मारा गया है इसलिए इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए। अगर नहीं करते हो तो, साफ है कि आप माफियाओं को संरक्षण दे रहे हो।
Updated on:
27 Oct 2026, 9:27 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 9:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.