
Chandana Illegal Liquor Case, पुलिस ने 10 आरोपियों को पकड़ा (Source-Patrika)
Chandana Illegal Liquor Case: मध्यप्रदेश के देवास जिले के चंदाना में लगातार हुई मौतों के बाद अवैध शराब के कारोबार पर आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गांव में लंबे समय से कथित तौर पर डायरी सिस्टम के जरिए शराब बेचने के आरोपों का सामना कर रहे विनोद जायसवाल सहित 10 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में शराब दुकानों के मैनेजर और सेल्समैन भी पकड़े गए हैं। पुलिस के अनुसार, चंदाना में शराब की दुकान होने के बावजूद दूसरे क्षेत्रों की दुकानों से शराब लाकर यहां और आसपास के इलाकों में खपाई जा रही थी। आरोपियों के कब्जे से 54 लीटर देशी शराब, एक कार, 10 मोबाइल और 10 हजार रुपए जब्त किए गए हैं।
चंदाना में 15 और 18 अक्टूबर को दो लोगों की मौत के बाद से ही अवैध शराब की बिक्री को लेकर सवाल उठ रहे थे। मृतकों के परिजनों ने शराब से मौत होने की आशंका जताई थी। पत्रिका ने इस पूरे मामले को लगातार प्रमुखता से उठाया और सोमवार के अंक में विनोद जायसवाल के कथित डायरी सिस्टम से शराब बेचने के नेटवर्क का खुलासा किया। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई का खुलासा करते हुए 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। हालांकि, मौतों और शराब के बीच संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, 15 और 18 अक्टूबर को चंदाना में दो लोगों की मौत के मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। मृतकों के परिजनों और अन्य लोगों के बयान में चंदाना निवासी विनोद जायसवाल द्वारा अवैध रूप से शराब बेचने की बात सामने आई थी। घटनाओं के बाद से ही विनोद फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
26 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि विनोद अपने साथियों के साथ कहीं जाने वाला है। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी की और प्रताप नगर-अंबेडकर नगर क्षेत्र में सफेद कार (एमपी-09-सीएफ-3645) को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार लोगों ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार सवारों को पकड़ लिया। कार में विनोद जायसवाल के साथ अजय उर्फ अज्जू राठौर निवासी पुवार्डादाई, जिला इंदौर और रामेश्वर सोनगरा निवासी गदईशापीपल्या सवार थे। तलाशी के दौरान कार से छह पेटी देशी शराब मिली।
पुलिस की पूछताछ में दूसरे क्षेत्रों की शराब चंदाना में लाकर बेचने का मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक, चंदाना में शराब दुकान होने के बावजूद आरोपी अन्य क्षेत्रों की दुकानों से शराब लाकर यहां अवैध रूप से बेच रहे थे। इस नेटवर्क में शराब दुकानों के मैनेजर और सेल्समैन की भूमिका भी सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने भड़ापीपल्या शराब दुकान के मैनेजर नितिन सोलंकी निवासी न्यू गौरी नगर, इंदौर, शिप्रा शराब दुकान के मैनेजर चंद्रशेखर बैरागी, इंदौर के अरविंदो अस्पताल क्षेत्र की शराब दुकान के सेल्समैन सत्येंद्र ओझा निवासी वैभवलक्ष्मी नगर, इंदौर, शिप्रा शराब दुकान के सेल्समैन राजदेव पटेल निवासी जौनपुर, उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा जुगल सिंह, राजेंद्र निनामा और विशाल चौहान निवासी इल्यासखेड़ी, थाना पीपलरावां को भी पकड़ा गया है।
Updated on:
26 Oct 2026, 7:47 PM IST
Published on:
26 Oct 2026, 7:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.