देवास

Good News: तेंदुए रामू को आज मिलेगा नया घर, पिंजरे से होगा आजाद, खिवनी अभयारण्य में छोड़ेगे

Good News: जंगल में छोड़ने के बाद वन विभाग करेगा निगरानी, उज्जैन वन विभाग की रेस्क्यू टीम आएगी, अगस्त माह में बीमार अवस्था में मिला था, अब पूर्ण स्वस्थ हुआ...  

2 min read
Dec 18, 2023

Good News: अंकित जाजू. ग्राम इकलेरा के जंगल में 29 अगस्त को बीमार अवस्था में मिले तेंदुए को स्वस्थ होने के बाद सोमवार को नया घर मिलेगा। जबलपुर से आई रिपोर्ट के बाद अब सोमवार को उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा। तेंदुआ चार माह से वनविभाग के दौलतपुर विश्राम गृह में पिंजरे में कैद था जहां उसका उपचार किया जा रहा था। अब वह पूर्ण रूप से स्वस्थ हो चुका है। उज्जैन से रविवार सुबह 11 बजे रेस्क्यू टीम दौलतपुर विश्राम गृह पहुंचेगी जहां से उसे खिवनी अभयारण्य ले जाया जाएगा। वहां उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा। तेंदुए को जंगल में छोड़ने के बाद भी वनविभाग द्वारा उसकी निगरानी की जाएगी। विभिन्न साधनों के माध्यम से उस नजर रखेंगे कि इतने दिनों तक बिना शिकार के भोजन मिलने के कारण वर्तमान स्थिति में वो शिकार कर पाता है या नहीं।

लोगों ने की थी सवारी, ली थी सेल्फी

उल्लेखनीय है कि इकलेरा में तेंदुआ बीमार हालत में मिला था। उस समय वह किसी पालतू जानवर की तरह बर्ताव कर रहा था। भीड़ लगने पर भी वह आक्रामक नहीं हुआ था। इसके बाद लोगों ने उसकी सवारी की थी और उसके साथ सेल्फी तक ले डाली थी। इसके बाद वनविभाग की रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर उसे कब्जे में मिला था। यहां से उसे दौलतपुर विश्राम गृह ले जाया गया था जहां से अगले दिन उसे उपचार के लिए इंदौर चिडि़याघर ले जाया गया था। वहां चिडि़याघर के डॉक्टर उत्तम यादव ने उसका उपचार किया था। इसके बाद उसे 3 सितंबर को फिर दौलतपुर विश्राम गृह भेज दिया गया था जहां करीब दो माह तक उसका उपचार किया गया।

जबलपुर से आई तेंदुए की जांच रिपोर्ट में वह पूर्ण रूप से स्वस्थ हो चुका है। सोमवार को उज्जैन की रेस्क्यू टीम के सहयोग से उसे खिवनी अभयारण्य में छोड़ा जाएगा। अभयारण्य में छोड़ने के बाद टीम तेंदुए की निगरानी करेगी।

-डीएस चौहान, रेंजर सोनकच्छ

पिंजरे में कैद तेंदुआ रामू।

Updated on:
18 Dec 2023 08:17 am
Published on:
18 Dec 2023 08:15 am
Also Read
View All