MP News: घोड़ी पर सवार था दूल्हा, डीजे पर नाच रहे थे बाराती तभी अचानक मधुमक्खियों ने किया बारात पर हमला, मची भगदड़।
MP News: मध्यप्रदेश के देवास के नेमावर में एक बारात में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब धूमधाम से दुल्हन लेने जा रही बारात पर अचानक आसमान से आई मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। जो बाराती डीजे पर नाच रहे थे वो मधुमक्खियों का हमला होते ही अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आए। दूल्हा भी अपने आप को मधुमक्खियों से बचाने की कोशिश करता रहा। कुछ देर बाद जब मधुमक्खियां शांत हुई तब जाकर स्थिति सामान्य हो पाई।
नेमावर में बस स्टैंड के पास गुरुवार शाम को धूमधाम से बारात निकल रही थी। घोड़ी पर सवार दूल्हा बारातियों के साथ खुशी खुशी दुल्हनिया लेने जा रहा था। बाराती डीजे पर नाच रहे थे और आतिश बाजी हो रही थी। बारात धीरे-धीरे शादी स्थल की ओर बढ़ रही थी लेकिन तभी रास्ते में मंदिर के पास अचानक आसमान से मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से बारात में अफरा-तफरी मच गई।
देखें वीडियो-
मधुमक्खियों का हमला होते ही जो बाराती डीजे पर खुशी खुशी उछल-उछलकर डांस कर रहे थे वो अपनी जान बचाने के लिए यहां-वहां भागने लगे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में दूल्हे के आगे नाच रहे बारातियों की भीड़ गायब हो गई और दूल्हा भी अपनी जान बचाने के लिए घोड़ी सहित तेजी से आगे बढ़ता नजर आया। मधुमक्खियों के बारात पर हमले का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें पूरी घटना कैद है, ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बारात पर मधुमक्खियों के हमले का जो करीब 1 मिनट का वीडियो सामने आया है वो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पहले किस तरह से दूल्हे के सामने बाराती नाच रहे हैं। इसके कुछ देर बाद ही मधुमक्खियां हमला कर देती हैं और बाराती व दूल्हा सभी अपनी जान बचाकर यहां वहां भागते और गमछे व चुन्नियों से सिर ढंकते नजर आ रहे हैं।
बता दें कि मध्यप्रदेश में बीते कुछ दिनों में मधुमक्खियों के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आई हैं। अभी बीते महीने ही 10 अप्रैल को नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में रेलवे स्टेशन पर पानी की टंकी पर बने छत्ते से मधुमक्खियों ने स्टेशन और ट्रेन में मौजूद यात्रियों पर हमला किया था, जिससे भगदड़ मच गई और दर्जनभर लोग घायल हुए थे।