
कन्नौद. कन्नौद ब्लॉक के सभी अशासकीय विद्यालय संघ स्कूल संचालकों की गुरुवार बैठक हुई और सर्वानुमति से निर्णय लेकर एक रैली निकालकर कलेक्टर व जिला परिवहन अधिकारी के नाम एसडीएम सीएस सोलंकी को आवेदन दिया।
आवेदन का वाचन संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजय शर्मा ने करते हुए बताया, सत्र 2017-18 लगभग पूर्ण होने जा रहा है और स्कूल संचालक वर्तमान में अतिरिक्त आर्थिक भार वहन करने की स्थिति में नहीं हैं। साथ ही स्कूल वाहनों में स्पीड यंत्र , जीपीएस व कैमरा किस कंपनी के लगाए जाना हैं, यह स्पष्ट नहीं किया गया है। साथ ही बसों में महिला कंडक्टर अनिवार्य आदि ऐसे कई नियम जो बीच सत्र में नियम लागू किए गए हैं, उनमें शिथिलता प्रदान करने के लिए आग्रह किया है। इसी के साथ दो दिवस के लिए स्कूली वाहन सुविधा बंद कर दी गई है और कोई निर्णय नहीं होने पर अनिश्चितकाल के लिए भी बस बंद कर दी जाएंगी। शासन से उक्त नियमों के अगले सत्र में प्रारम्भ करने की मांग की है। अंत में आभार अशासकीय शिक्षण संस्था संघ के सचिव शैलेंद्र पांचाल ने माना। इस अवसर पर कन्नौद ब्लॉक के सभी स्कूल संचालक उपस्थित थे।
अशासकीय विद्यालयों की आज से हड़ताल
खातेगांव. अशासकीय शिक्षण संस्थानों ने अपने खिलाफ हुई एसडीएम की कार्रवाई को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि शासन उनके साथ नाइंसाफी कर रहा है। इतनी सारी व्यवस्थाएं हम कैसे करें व इन व्यवस्थाओं को लागू करने में समय लगता है और प्रशासन ने हमें सिर्फ 10 दिनों का समय दिया है। इस संदर्भ में अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के अध्यक्ष संतोष शर्मा ने बताया, शासन के इस तानाशाहीपूर्ण रवैए के कारण अशासकीय संस्थाएं 19 एवं 20 जनवरी को हड़ताल करेंगी। इस हड़ताल के अंतर्गत विद्यालय का कोई वाहन नहीं चलाया जाएगा।
‘यातायात नियमों का पालन करना जरूरी’
भौंरासा. सडक़ सुरक्षा सप्ताह का आयोजन 11 से 17 जनवरी तक किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को हाईवे पर सुरक्षित चलने के लिए जागरूक किया। देवास-भोपाल कारिडोर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निर्देश पर 11 जनवरी से चलाए जा रहे सडक़ सुरक्षा सप्ताह का समापन यातायात नियम पालन की अपील के साथ बुधवार को संपन्न हुआ। भौंरासा टोल पर मैनेजर रंजन राय ने कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान कौशिक व उपस्थित विशेषज्ञों ने कहा कि सुरक्षा के लिए सडक़ पर चलने के दौरान नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। कभी भी धैर्य खोकर जल्दबाजी न दिखाएं। सिग्नल तोडक़र या सामने से गाड़ी को आता देख भागकर रोड क्रॉस न करें। सडक़ क्रास करते समय जेब्रा क्रॉसिंग सिग्नल, सब-वे, फुट ओवरब्रिज का उपयोग करें।
सरपंच खटाम्बा विवेक सिंह, सरपंच जामगोद विष्णु वर्मा, सरपंच नराना, सरपंच फावड़ा रायसिंह, अधिवक्ता ज्ञानसिंह सैंधव व प्रतिनिधियों के सहयोग से भौंरासा टोल पर स्कूल व प्रायमरी व माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों को कंपनी द्वारा अनुबंधित मैजिक बस फाउनडेशन एनजीओ के माध्यम से सडक़ सुरक्षा यातायात नियम लागातार तीन वर्षों तक सिखाया जाएगा। मैजिक बस फाउनडेशन एनजीओ के कर्मचारी अर्जुन कांटे ने सडक़ पर ध्यान केंद्रित करने का महत्व बताते हुए कहा, सडक़ पर वाहन चलाने के दौरान ध्यान इधर-उधर भटकना दुर्घटना का कारण बनता है। इस अवसर पर आए एसपी अंशुमान सिंह ने विद्यार्थियों को सडक़ व समाज में आने वाली हरेक प्रकार की दिक्कत में सहायता देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मैनेजर विनोद चौहान, मैनेजर फिरोज खान आदि उपस्थित थे।