
TI Dilip Puri death: शिक्षक के बाद TI बने दिलीप पुरी की शराब तस्करों ने ली जान (फोटो सोर्स- Patrika)
TI Dilip Puri death: मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में शराब तस्करों के ट्रक की चपेट में आने से टीआई दिलीप पुरी की मौत हो गई। अवैध शराब तस्करी की सूचना पर पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर चेकिंग करने के दौरान थाना प्रभारी पुरी आयशर वाहन की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी ने चालक को वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा, तभी चालक ने आयशर को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया, जिस कारण टीआई की जान चली गई। हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी और कलेक्टर मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन में शोक की लहर है। कुछ देर बाद खातेगांव थाने पर श्रद्धांजलि सभा होगी। ताया जा रहा है कि दिलीप के पिता ओमप्रकाश पुरी कांग्रेस के नेता हैं और मंडलम अध्यक्ष रह चुके हैं।
हादसे के बाद गंभीर हालत में दिलीप पुरी को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक CPR और उपचार किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद ड्राइवर संदलपुर में वाहन छोड़कर फरार हो गया। वाहन में से पुलिस ने करीब 298 पति शराब जब्त की है। देवास एसपी आदित्य मिश्रा रात करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। पुलिस मामले की जांच और फरार चालक की तलाश में जुटी है। देवास कलेक्टर नेहा मीणा भी मौके पर पहुंच चुकी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी दिलीप पुरी धार जिले के राजोद थाना के बरमंडल के रहने वाले थे। उनका परिवार फिलहाल इंदौर में था लेकिन माता-पिता बरमंडल में ही रहते है। बताया जा रहा है कि दिलीप के पिता ओमप्रकाश पुरी कांग्रेस के नेता हैं और मंडलम अध्यक्ष रह चुके हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बरमंडल स्थित उनके घर में मातम का माहौल है। परिवार में पत्नी, बेटा-बेटी है। बताया जा रहा कि पुरी का दो महीने पहले सतवास थाने से खातेगांव थाने में तबादला हुआ था। टीआई दिलीप पुरी पहले शिक्षक थे और उसके बाद पुलिस अधिकारी बने थे।
आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत ने बताया कि मिनी ट्रक में कम्पार्टमेंट बनाकर नीचे अवैध शराब भरी गई थी। ऊपर से देखने पर ट्रक खाली नजर आ रहा है लेकिन अंदर शराब भरी है। शराब अवैध रूप से टिमरनी क्षेत्र से खातेगांव की ओर लाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि पुख्ता सूचना होने पर टिमरनी, हरदा, नेमावर पुलिस भी ट्रक का पीछा कर रही थी। उसी सूचना पर खातेगांव थाना प्रभारी चेकिंग के लिए पहुंचे थे। गेहलोत ने बताया कि गाड़ी का कोई भी परमिट नहीं था। मामले को लेकर लोगों से पूछताछ की जा रही है।
खातेगांव थाना परिसर में एसपी आदित्य मिश्रा सहित पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने टीआई दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि दी। एएसपी एचएन बाथम ने भी टीआई को पुष्प अर्पित किए। टीआई का शव एंबुलेंस से पैतृक गांव के लिए रवाना किया गया।
Updated on:
2 Nov 2026, 11:31 AM IST
Published on:
2 Nov 2026, 9:47 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.