
धमतरी. केन्द्र शासन के कड़े निर्देश के बाद भी धमतरी जिले के व्यापारी जीएसटी रिटर्न दाखिल करने मेंं रूचि नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे में शासन को लाखोंं रूपए का नुकसान हो हो रहा है। उधर व्यापारियों के रवैय्ये को देखते हुए सेल टैक्स विभाग ने नोटिस जारी करने के बाद 4 सौ व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है, जिसके चलते व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्र शासन ने सभी वस्तुएं पर अलग-अलग लगने वाले टैक्स को एक टैक्स प्रणाली में लाने के उद्देश्य से 1 जुलाई 2017 से भारत देश मेंं जीएसटी लागू किया है। धमतरी जिले में सामान्य और कंपोजिशन दो अलग-अलग कैटेगिरी मेंं करीब 3 हजार से अधिक व्यापारियों ने अपना पंजीयन कराया है। शासकीय नियम के अनुसार व्यापारियोंं को प्रत्येक माह के 20 तारीख तक जीएसटी रिटर्न दाखिल करना जरूरी है। इसके बाद भी व्यापारी रिटर्न दाखिल करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे है ।
एक जानकारी के अनुसार धमतरी जिले में सामान्य वर्ग में करीब 1103 पंजीकृत व्यापारी है, जिसमें से 179 व्यापारियों ने ही जीएसटी रिटर्न दाखिल किया है, जबकि अभी भी 924 व्यापरियों ने रिटर्न दाखिल नहीं किया है। इसी तरह जिले में 26 सौ कंपोजिशन व्यापारी है, जिसमें से केवल 5 सौ व्यापारियों ने ही रिटर्न दाखिल दाखिल है। ऐसे में विभाग सख्त कदम उठा रहा है। बताया गया है कि अब ऐसे व्यापारियों को चिन्हांकित कर उन्हें नोटिस जारी कर उन्हें 24 अगस्त तक रिटर्न दाखिल करने के लिए कहा गया है।
व्यापारी अशोक बुधवानी, रमेश चावला का कहना है व्यापारी समय पर जीएसटी रिटर्न दाखिल कर रहे हैं, लेकिन सरवर डाउन होने के चलते पोर्टल बहुत स्लो चल रहा है। ऐसे में समय पर रिटर्न दाखिल नहीं हो पा रहा है और व्यापारियों को परेशानी हो रही है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं करने वाले व्यापारी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से टैक्स की चोरी कर रहे हैं, जो एक गंभीर अपराध है। उन्होंने आगे बताया कि अब तक ऐसे 4 सौ व्यापारियों के जीएसटी नंबर को कैंसल करने की कार्रवाई की गई है।
सेल टेक्स अधिकारी, रामनरेश चौहान ने बताया पेनाल्टी से बचने के लिए व्यापारियों को समय पर रिटर्न दाखिल करना चाहिए। कुछ व्यापारियोंं को नोटिस भी जारी किया गया है। रिटर्न दाखिल नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी।