CG Census 2027: मकान सूचीकरण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी करते हुए जनगणना ड्यूटी में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश और मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी है।
CG Census 2027: छत्तीसगढ़ के धमतरी में भारत की जनगणना 2027 के तहत जिले में मकान सूचीकरण और गणना कार्य को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अबिनाश मिश्रा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश के तहत जनगणना कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के अवकाश और मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
जिले में जनगणना के पहले चरण के तहत 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान हर घर का सर्वे कर आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी, जिसके लिए बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जारी आदेश के अनुसार, जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के न तो अवकाश पर जा सकेंगे और न ही मुख्यालय छोड़ सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या अनुपस्थिति से पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि केवल विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश दिया जाएगा। इसके लिए भी संबंधित कर्मचारी को जिला जनगणना शाखा के माध्यम से आवेदन करना होगा, जिसके बाद ही कलेक्टर स्तर से अनुमति मिल सकेगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पहले से स्वीकृत अवकाश भी स्वतः मान्य नहीं होंगे। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पुनः जिला जनगणना शाखा के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी से अनुमोदन लेना अनिवार्य होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश का उल्लंघन करने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जनगणना कार्य को तय समयसीमा में पूरी सटीकता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।