Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में इन दिनों खूंखार तेंदुए के आतंक से लोग खौफ में हैं। तेंदुए ने शुक्रवार को एक तीन साल की मासूम बच्ची को अपना निवाला बना लिया और उसकी जान ले ली।
CG Leopard Attack: तेंदुआ अब बच्चों को निशाना बना रहा है। नगरी ब्लॉक में लगातार घटना सामने आ रही। शुक्रवार को तीन साल की बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर उसे मौत की नींद सुला दिया।
26 दिन पहले भी सिहावा क्षेत्र के कोरमुड़ में तेंदुआ तृष (3) पिता योगेश्वर कमार को घर से उठा ले गया था। 40 घंटे बाद घर से 200 मीटर दूर पहाडिय़ों पर तृष का सिर मिला था। तेंदुए द्वारा लगातार बच्चों का शिकार करने की घटना से वनांचल क्षेत्र में दहशत है। तेंदुए के आतंक से ग्रामीण बेहद परेशान हैं। सांकरा वन परिक्षेत्र के ग्राम भैंसामुड़ा पंचायत के आश्रित ग्राम धौराभाठा में शुक्रवार को शाम करीब 6 बजे घर के बाहर बस्ती में खेल रही 3 साल की मासूम बच्ची नेहा कमार पिता संतोष कमार पर तेंदुए ने हमला कर दिया।
आसपास मौजूद लोगों ने जब शोर मचाया, तो तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग निकला। तब तक मासूम नेहा की मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन परिक्षेत्र आधिकारी दीपक गावड़े ने बताया, गांव में पेट्रोलिंग करने निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों को भी आग जलाकर अलर्ट रहने कहा है। मृत बच्ची के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25 हजार रूपए दी गई।
मासूम बच्ची पर हमले के बाद इसी तेंदुए ने गांव में ही अपने घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग बुधराम पर भी हमला कर दिया। बुजुर्ग के परिजनों ने जब शोर मचाया, तो तेंदुआ भाग निकला। घायल बुजुर्ग को सिविल अस्पताल नगरी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। बताया गया कि बुजुर्ग पर हमला करने के बाद तेंदुए ने देर रात एक कुत्ते का भी शिकार किया है।