बैठक कांगे्रसियों ने रमन सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने पर दिया जोर
धमतरी. किसानों का कर्ज माफ करने, तत्काल बोनस देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी 19 फरवरी को कलक्ट्रेट का घेराव करेगी। पार्टीजनों ने कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक में इसके लिए विशेष रणनीति तैयार की।
किसानों और मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस 19 फरवरी को आंदोलन करेगी। शनिवार को कांग्रेस भवन में इसकी तैयारी के लिए एक आपात बैठक भी हुई, जिसमें विधायक गुरूमुख सिंह होरा ने किसानों और मजदूर, बेरोजगार युवाओं के मुद्दे पर राज्य सरकार पर हमला तेज करने की बात कही। उन्होंने कहा कि रमन सरकार किसानों से वायदा करने के बाद भी उन्हें बोनस नहीं दे रही। किसान कर्ज माफ करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उल्टे कर्ज पटाने के लिए दबाव डाला जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि जब शासन ने धमतरी जिले को सूखा घोषित किया है। रबी सीजन में धान बोने ही नहीं दिया, तब कहां से वे कर्ज पटाएंगे। जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी ने कहा कि जो सरकार किसान और मजदूरों की चिंता नहीं करती, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। युवा नेता विजय देवांगन ने कहा कि मानसून की बेरूखी से पहले से ही किसान परेशान है। अब सरकार की गलत नीतियों ने उन्हें कहीं का नहीं छोड़ा। बैठक को युवा नेता वसीम कुरैशी, निखिलेश देवान, आलोक जाधव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर निगम के नेता प्रतिपक्ष अनुराग मसीह, गोलू शर्मा, देवेन्द्र जैन, घनाराम सोनी, राजा देवांगन, आदित्य शर्मा, मनमोहन तिवारी आशीष आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
सर्वहारा वर्ग परेशान
पूर्व विधायक हरषद मेहता ने कहा कि रमन सरकार की जनविरोधी नीतियों से आज सर्वहारा वर्ग परेशान है। ऐसी सरकार को सबक सिखाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ सडक़ की लड़ाई में आगे आए।