धमतरी

पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेसियों का आक्रोश, किया प्रदर्शन

ट्रोल-डीजल समेत बाजार में बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेसियों ने सडक़ में उतर कर प्रदर्शन किया।
2 min read
• •
Updated: 9 Sep 2018, 6:00 PM IST
cg news
पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेसियों का आक्रोश, किया प्रदर्शन

धमतरी. पेट्रोल-डीजल समेत बाजार में बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेसियों ने सडक़ में उतर कर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि केन्द्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण आज महंगाई अपनी चरम सीमा पर पहुंच गई है। आम जनता इससे त्रस्त है। सरकार से उनका विश्वास उठ गया है। ऐसी जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंके।

शनिवार को जिला महिला कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर एक बजे मकई गार्डन से एक रैली निकाल कर हाइवे में होते हुए पेट्रोल पम्प पहुंच कर केन्द्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संगठन की शहर जिलाध्यक्ष कविता बाबर ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में बढ़ोत्तरी होने से आवश्यक वस्तुओं की कीमत बढ़ गई है। कांग्रेस नेत्री विद्या साहू, नम्रता पवार ने कहा कि जब पेट्रोल 63 रुपए था, तब मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके मंत्री बृजमोहन अग्रवाल विरोध स्वरूप साइकिल से विधानसभा जाने का नाटक करते थे।

आज उन्हें क्या हो गया। पूर्व विधायक लेखराम साहू, हरषद मेहता, मोहन लालवानी, आनंद पवार ने कहा कि अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली सरकार के कार्यकाल में महंगाई आसमान छू रही है। भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर है। अफसरशाही के चलते आम जनता त्रस्त हो गई है। मौके पर हरमिंदर छाबड़ा ,बालमती बारले, गौतम वाधवानी, निखिलेश देवान, रेहान विरानी, अवैश हाशमी, कृष्णा मरकाम, तिलकराज,उदित नारायण साहू आदि शामिल थे।

महिला नेत्री सूर्यप्रभा चेट्टियार ने कहा कि केन्द्र और राज्य में सत्तारूढ़ सरकारों को सबको मिल-जुलकर सत्ता से हटाना होगा। नहीं तो यह चुनाव देश का अंतिम चुनाव होगा। उन्होने देश में लोकतंत्र की हो रही हत्या पर चिंता जताते हुए कहा कि आज संविधान के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है।

धमतरी बढ़ती महंगाई और राफेल डील घोटाले के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने 10 सितंबर को धमतरी बंद का आह़वान किया है। बंद को सफल बनाने के लिए कांग्रेसजनों ने एक बैठक कर रणनीति बनाई। इधर, देर शाम को कांग्रेसियों ने शहर में पैदल भ्रमण कर 10 सितंबर को दुकानें बंद रखने समर्थन भी मांगा। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष शरद लोहाना ने कहा कि समाज के सभी वर्गों का उन्हें समर्थन मिल रहा है। चेम्बर आफ कामर्स ने भी बंद को अपना समर्थन दिया है।

धमतरी. पूर्व विधायक लेखराम साहू की कांग्रेस भवन में अचानक तबीयत खराब हो गई। बेहोशी की हालत में उन्हें यहां के एक निजी नर्सिंग होम में लाया गया। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार उनका बीपी बढ़ गया था। अब वे खतरे से बाहर है। फिर भी उन्हें आईसीयू में रखा गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार देर शाम उन्हें इलाज के लिए रायपुर रिफर किया गया। उधर, उनकी बिगड़ी सेहत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेसी अस्पताल पहुंच गए। सभी ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

Published on: