धमतरी

Dhamtari News: अब शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की खैर नहीं, 8 पर हुई कड़ी कार्रवाई

Dhamtari News: समय बेसमय व्यापारियों द्वारा सामान लोडिंग-अनलोडिंग से भी यातायात प्रभावित हो रही है।
2 min read
• •
Updated: 5 Jul 2024, 2:09 PM IST
Feature image

Dhamtari News: शराब पीकर वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं। धमतरी पुलिस ने इस ओर अभियान शुरू कर दिया है। पहले दिन यातायात, कोतवाली, रूद्री पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर घड़ी चौक, रत्नाबांधा चौक, अंबेडकर चौक, लक्ष्मी निवास चौक, रूद्री चौक में मोटर चेकिंग पाईंट लगाकर 31 लोगों पर कार्रवाई की गई है। इनमें 8 शराब सेवन कर गाड़ी चलाते मिले।

3 मोडिफाईड सायलेंसर, 2 बिना हेलमेट, 1 बिना लायसेंस, 2 मोबाईल का प्रयोग कर वाहन चलाने वाले, 13 तीन सवारी चलने वाले, 1 बिना नंबर के चलने वाले और 1 रांग साईड चलने वाले वाहन चालक शामिल है। पुलिस ने चालकों का इस्तगाशा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय द्वारा 78500 रू अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में हो रही वृद्धि के कारण अकाल मृत्यु को रोकने कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Dhamtari News: 3 दिन में 60 से अधिक बेतरतीब खड़ी वाहनों पर हुई कार्रवाई

बढ़ती दुर्घटनाओं सहित यातयात नियमों के पालन में ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही। फिर भी लोग नियमों की अनदेखी करते पकड़े जा रहे। पिछले 3 दिन में ही ट्रैफिक पुलिस ने नेशनल हाईवे किनारे बेतरतीब खड़ी 60 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की। सबसे ज्यादा होटल और बैंकों के सामने व्यवस्था बिगड़ रही है। समय बेसमय व्यापारियों द्वारा सामान लोडिंग-अनलोडिंग से भी यातायात प्रभावित हो रही है।

कोटवारों का प्रशिक्षण जारी

यातायात शिक्षा के माध्यम से यातायात नियमों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए जिले के धमतरी, कुरूद एवं नगरी अनुविभाग के 18 से 40 वर्ष के कोटवारों को कानून व्यवस्था के सहयोग हेतु रक्षित केन्द्र धमतरी में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के चौथे दिवस यातायात जन-जागरूकता के तहत कोटवारों को कपोजिट बिल्डिंग में मास्टर ट्रेनर सउनि सुरेश नेताम, आर गणपत डिंडोलकर, संदीप यादव द्वारा यातायात नियमों का प्रशिक्षण दिया गया।

मूल रूप से ट्रैफिक लाईट, रोड मार्किंग, बाजार, मेला, मड़ई में यातायात व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही दुपहिया वाहन चलाने के दौरान हेलमेट का प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई। घायल व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने, प्राथमिक उपचार देने संबंधी जानकारी दी।

Updated on:
5 Jul 2024, 2:09 PM IST
Published on: