
धमतरी. सावन के महीने में बादल झुमकर बरस रहे हैं। अंचल में हो रही बारिश से गंगरेल समेत अन्य बांध में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। रविवार की स्थिति में 32.150 टीएमसी वाले गंगरेल बांध में करीब 29.295 पानी भर गया है। यहां से भिलाई के लिए 2 सौ क्यूसेक पानी छोडऩे पेन स्टाक गेट खोला गया है।
धमतरी और इसके आसपास क्षेत्र में हो रही बारिश से गंगरेल बांध का जलस्तर 347.85 मीटर तक पहुंच गया है। एक मीटर पानी और भरने पर यह बांध छलकने की स्थिति में आ जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले इसी अवधि में बांध में सिर्फ 9 टीएमसी पानी था।
इस तरह इस साल 20 टीएमसी पानी ज्यादा है। सिंचाई विभाग के सूत्रों के अनुसार भिलाई स्टील प्लांट के लिए छोटी नहर में पेन स्टाक से 2 सौ क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। महानदी परियोजना के तहत आने वाले सोंढूर बांध का सौंदर्य इन दिनों काफी निखर गया है। 7 टीएमसी क्षमता वाला यह बांध 6.496 टीएमसी अर्थात 91 फीसदी भर चुका है तथा बांध में अब भी 2135 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। इसे देखते हुए यहां 1563 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा। लबालब पानी भरने के बाद सोंढूर बांध क्षेत्र का सौंदर्य देखते ही बन रहा है। सैलानी यहां के खुबसूरत नजारों को देखने के लिए आ रहे हैं।
कैचमेंट एरिया से लगातार पानी की आवक बने रहने से दुधावा बांध की सेहत भी तेजी से सुधर रही है। रविवार की स्थिति में 10 टीएमसी क्षमता वाले इस बांध में 6.599 टीएमसी पानी भर गया है। यहां 1455 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। मुरूमसिल्ली बांध का जलस्तर भी 47 फीसदी तक पहुंच गया है।
गंगरेल बांध में सैलानी वाटर स्पोटर्स का खुलकर उठा रहे हैं आनंद। सैलानी मनोज सिन्हा, कैलाश पांडेय, विनोद देवांगन ने बताया कि गोवा का नजारा गंगरेल बांध में देखने को मिल रहा है। सैलानी महेश शर्मा ने कहा कि पहले बार वाटर स्पोर्टस का उन्होंने अपने दोस्तों के साथ मजा लिया है। रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। बूंदा बांदी भी होती रही। इसके बाद भी बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से सैलानी उमड़े।