माओवादियों ने धमतरी जिले में अपने प्रभाव क्षेत्र में विधानसभा चुनाव बहिष्कार की घोषणा की है। इसके बाद पुलिस ने यहां सर्चिंग तेज कर दी है।
धमतरी. माओवादियों ने धमतरी जिले में अपने प्रभाव क्षेत्र में विधानसभा चुनाव बहिष्कार की घोषणा की है। इसके बाद पुलिस ने यहां सर्चिंग तेज कर दी है। उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी माओवादियों ने बहिष्कार की घोषणा की थी, इसके बाद भी उनके प्रभाव क्षेत्र के अति संवेदनशील 28 मतदान केन्द्रों में जमकर मतदान हुआ था। पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि लोकतंत्र के महोत्सव में भाग लेने के लिए मतदाता काफी उत्साहित है।
विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही माओवादियों ने धमतरी जिले में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी है। दो दिन पहले ही एसओजी और माओवादियों के बीच मटियाबाहरा में मुठभेड़ हुई थी। बताया गया है कि इस क्षेत्र में माओवादियों ने चुनाव बहिष्कार की घोषणा कर रखी है। इसके बाद से ही सीआरपीएफ और सीएएफ के जवानों ने अपनी सर्चिंग तेज कर दी है। गौरतलब है कि सिहावा विधानसभा क्षेत्र में हर बार चुनाव माओवादियों की दहशत के चलते संगीनों के साए में होता है। करीब 1 लाख 72 हजार 242 मतदाताओं वाले इस विधानसभा क्षेत्र में 247 मतदान केन्द्रों में से करीब 120 विविध कारणों से संवेदनशील हैं। इनमें से 28 मतदान केन्द्र अति संवेदनशील है। सूत्रों के अनुसार वर्ष-2013 के विधानसभा चुनाव में जिले के सिहावा क्षेत्र के माओवाद प्रभावित अति संवेदनशील 28 मतदान केन्द्रों में जमकर मतदान हुआ था।
यहां पड़े सबसे ज्यादा मत
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार ग्राम मेचका में 956, नवागांव (सा.) में 1209, रतावा में 1060, बेलरबाहरा में 494, अरसीकन्हार में 302, बोराई में 895, मैनपुर 366, लिखमा में 827, खल्लारी में 356, आमझर में 334 तथा रिसगांव में 423 मतदाताओं ने लोकतंत्र पर भरोसा जताया। इसके अलावा इन दर्जनभर गांवों में ही 521 मतदाताओं ने उम्मीदवार पसंद नहीं आने पर नोटा का भी इस्तेमाल किया।
मतदाता एक नजर में
निर्वाचन आयोग के अनुसार वर्ष-2018 में सिहावा विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 89 हजार 120 मतदाताओं को मत देने का अधिकार दिया गया है। इनमें पुरूष मतदाता 92,505 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 96,614 है। चुनाव की घोषणा के साथ ही माओवाद प्रभावित रिसगांव, खल्लारी, संदबाहरा, आमाबाहरा, लिखमा, मेचका, करका, ठेनही, अर्जुनी, मौहाबाहरा, अरसीकन्हार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
एसपी, रजनेश सिंह ने बताया पुलिस प्रशासन धमतरी जिले में शांतिपूर्ण ढंग से निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया गया है। मतदाता निर्भय होकर मतदान करेंगे।