16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

छत्तीसगढ़ के बोर्ड परीक्षार्थी ध्यान दें, फॉर्म में नामजन्मतिथि या फोटो गलत हुई तो लगेगा 400 रुपए जुर्माना

Chhattisgarh Board Examination: बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर। परीक्षा फॉर्म में नाम, जन्मतिथि, विषय या फोटो में गलती होने पर 400 रुपए शुल्क देना होगा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

धमतरी

•

image

Love Sonkar

•

Updated: 16 Nov 2026, 2:13 PM IST

Board Examination

कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी धमतरी (Photo Patrika)

Board Examination: बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी के बीच स्कूलों के सामने अब विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म और कट लिस्ट की त्रुटियां दुरुस्त करने की चुनौती है। नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि या विषय की जानकारी में छोटी-सी चूक भी बाद में विद्यार्थियों की जेब पर भारी पड़ सकती है। परीक्षा परिणाम और अंकसूची जारी होने के बाद गलती सुधरवाने के लिए प्रति विद्यार्थी 400 रुपए शुल्क देना होगा। इसलिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्कूलों को परीक्षा संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए हैं।

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दिए निर्देश

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशानुसार 16 नवंबर से मान्यता प्राप्त स्कूलों को परीक्षा आवेदन फार्म और कक्षा नौवीं, दसवीं एवं बारहवीं की कट लिस्ट वितरित की जाएगी। स्कूल प्राचार्यों को विद्यार्थियों के उपलब्ध दस्तावेजों से जानकारी का मिलान कर संशोधित कट लिस्ट और परीक्षा आवेदन फार्म 26 नवंबर तक रायपुर स्थित मंडल मुख्यालय में जमा करने होंगे। निर्धारित समय के बाद दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे। बोर्ड परीक्षा समन्वयक केंद्र प्रभारी एवं प्राचार्य बी मैथ्यू ने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी की जानकारी का अभिलेखों से मिलान करना जरूरी है।

अंकसूची जारी होने के बाद विद्यार्थियों को परेशानी न उठानी पड़े

इसमें विद्यार्थी का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, माध्यम, विषय, जाति, लिंग, फोटो, नामांकन क्रमांक और संस्था संबंधी विवरण शामिल हैं। किसी भी जानकारी में अंतर मिलने पर स्कूल स्तर पर ही सुधार करना होगा, ताकि अंकसूची जारी होने के बाद विद्यार्थियों को परेशानी न उठानी पड़े। कक्षा दसवीं और बारहवीं के विषयों में संशोधन के लिए 31 दिसंबर 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद विषय परिवर्तन के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

अंकसूची और जाति प्रमाण पत्र भी जरूरी

कक्षा दसवीं के परीक्षा फार्म के साथ आठवीं और नौवीं की अंकसूची तथा बारहवीं के फार्म के साथ दसवीं और ग्यारहवीं की अंकसूची की प्राचार्य से प्रमाणित छायाप्रति लगानी होगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र सहित जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। जिन विद्यार्थियों की स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) जारी हो चुकी है या जिनका निधन हो गया है, उनके परीक्षा फार्म और कट लिस्ट में निरस्त अंकित करना होगा। मंडल के निर्देशों के बाद अब स्कूलों को निर्धारित समय-सीमा में दस्तावेजों का मिलान और संशोधन पूरा करना होगा। एक छोटी लापरवाही भी परीक्षा परिणाम के बाद विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त खर्च और परेशानी का कारण बन सकती है।

लाल स्याही से दर्ज करनी होगी सही जानकारी

कट लिस्ट में त्रुटि मिलने पर संबंधित विवरण पर लाल स्याही से गोला लगाकर सही जानकारी स्पष्ट अक्षरों में कैपिटल लेटर्स में लिखनी होगी। संशोधित कट लिस्ट मंडल कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है। यदि किसी विद्यार्थी के विवरण में कोई बदलाव नहीं है तो इसकी लिखित सूचना भी स्कूलों को देनी होगी। मंडल ने स्पष्ट किया है कि स्कूल स्तर पर गलती नहीं सुधारी गई और अंकसूची जारी होने के बाद संशोधन की नौबत आई तो प्रति विद्यार्थी 400 रुपए शुल्क देना होगा। कक्षा नौवीं की कट लिस्ट में नामांकन कार्ड जारी होने के बाद संशोधन कराने पर प्रति विद्यार्थी 500 रुपए शुल्क देना होगा।