धमतरी

Fire News: खेतों में आग का कहर… तेज हवा से 100 एकड़ तक फैली लपटें, चना-सरसों की तैयार फसल राख

Fire News: धमतरी जिले के ग्राम बोड़रा के खेतों से गुरूवार दोपहर आग की लपटे उठने लगी। हवा के कारण आग एक से दूसरे खेत होते हुए लगभग 100 एकड़ तक पहुंच गई।

2 min read
Mar 13, 2026
100 एकड़ फसल जलकर राख (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Fire News: धमतरी जिले के ग्राम बोड़रा के खेतों से गुरूवार दोपहर आग की लपटे उठने लगी। हवा के कारण आग एक से दूसरे खेत होते हुए लगभग 100 एकड़ तक पहुंच गई। ज्यादातर किसानों ने दलहन-तिलहन, गेहूं, चना, सरसों की फसल लगाई थी। इस आगजनी से दर्जनों किसानोंं को भारी नुकसान हुआ है।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, 15 से 20 एकड़ में लगी चने की तैयार फसल, करीब 100 एकड़ का पैरावट, सरसों जलकर राख हो गया। आगजनी की घटना से किसान अनजान थे। बाद में लोगों द्वारा उन्हें जानकारी दी गई। इधर सरपंच का कहना है कि किसी शरारती तत्व ने आग लगाई होगी। थाने में रिपोर्ट के साथ ही शासन-प्रशासन से मुआवजा मांगेंगे।

ये भी पढ़ें

फिंगेश्वर में तनाव का माहौल! हिंसा फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, कर्फ्यू जैसे हालात

किसान गंगाराम साहू ने कहा कि मेरे पहुंचते तक आसपास के सभी खेतों में आग फैल चुकी थी। 40 खेतों का पैरावट व 5 से 6 एकड़ में लगी चने की फसल, 2 एकड़ सरसों की फसल जल गई। एक-दो दिन में फसल कटाई शुरू करने ही वाले थे। पूर्व में भी एक बार ऐसी घटना हुई थी। उस समय फसल नहीं लगी थी। शासन-प्रशासन से क्षतिपूर्ति मांगेंगे। किसान गीताराम साहू ने बताया कि उन्होंने सवा एकड़ में चना, 2 एकड़ में लाखड़ी लगाई थी। 20 प्रतिशत ही कटाई हुई थी। चने की फसल अच्छी थी। नुकसान तो हुआ है। मुआवजा मांगेंगे।

फसल बचाने डेढ़ घंटे तक करते रहे मशक्त

आगजनी की घटना दोपहर 1 से 2 बजे के बीच हुई। किसानों को 20 से 25 मिनट बाद जानकारी लगी। फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया, लेकिन खेतों तक फायर ब्रिगेड वाहन नहीं पहुंच पाई। ऐसे में ट्रेक्टर के नागर से खेतों में जुताई, बारदाना, पेड़ की छोटी शाखाओं से आग को पीटकर बुझाने का प्रयास करते रहे। किसान लगभग डेढ़ घंटे तक फसल बनाने के लिए मशक्कत करते रहे।

शरारती तत्व की करतूत

बोड़रा सरपंच प्रीतम साहू ने कहा कि आशंका है कि दोपहर 1 से 2 बजे के बीच कोई अनजान व्यक्ति ने खेत में आग लगाई। यह आग धीरे-धीरे लगभग 100 एकड़ में फैल गई। आग लगाने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित किसानों को मुआवजा दिया जाए। थाने में भी इसकी शिकायत करेंगे।

बोड़रा में खड़ी फसल में लगी आगजनी का शुक्रवार को सर्वे कराया जाएगा। शासन के प्रावधान के तहत पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। - पीयूष तिवारी, एसडीएम धमतरी

Published on:
13 Mar 2026 02:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर