धमतरी

डेंगू में मिले पांच और मरीज, लोगों में फैली दहशत

ई-हास्पिटल में पांच डेंगूू के संभावित मरीजोंं की पहचान की गई है, जिसका ब्लड सेम्पल लेकर जांच के लिए भेजा गया है
2 min read
• •
Updated: 21 Aug 2018, 10:00 PM IST
dengue news
डेंगू में मिले पांच और मरीज, लोगों में फैली दहशत

धमतरी. भिलाई के बाद अब धमतरी जिले में भी डेंगू को लेकर दहशत फैल गई है। अब तक ई-हास्पिटल में पांच डेंगूू के संभावित मरीजोंं की पहचान की गई है, जिसका ब्लड सेम्पल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा निजी हास्पिटलोंं में भी मरीज इलाज करा रहे हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग उदासीन बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि भिलाई में डेंगू का कहर जारी है। डेंगू से अब तक 4 बच्चे समेत 25 लोगों की मौत हो चुकी है। यही नहीं जांजगीर में भी इस बीमारी के चलते एक किशोरी ने दम तोड़ दिया है। डेंगू के कहर को देखते हुए स्वास्थ्य संचालनालय ने पूरे प्रदेश में हाईअलर्ट जारी कर दिया है। धमतरी जिले में भी इसका असर देखने को मिल रहा है।

पत्रिका ने सोमवार को ई-हास्पिटल का जायजा लिया। देखा गया कि सर्दी, खांसी और बुखार से पीडि़त मरीज ब्लड टेस्ट के लिए लंबी लाइन लगाकर खड़े थे। दिनेश कुमार, बलराम सिन्हा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जाड़ा लेकर बुखार आ रहा है। काफी इलाज के बाद भी राहत नहीं मिली है। ऐसे मेंं डाक्टर ने ब्लड जांच कराने के लिए कहा है। एक जानकारी के अनुसार वर्ष-2018 अगस्त में 42 हजार 668 लोगों का ब्लड स्लाइड की जांच की गई है, जिसमें 150 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि मगरलोड के दक्षिण सिंगपुर, नारागांव समेत नगरी के वनांचल क्षेत्रोंं में गंदगी के चलते एडिस मच्छर के लार्वा देखने को मिला।

उधर अस्पताल सूत्रोंं की मानेंं तो अब तक जिले मेंं जोधापुर निवासी प्रेमिन सिन्हा (42) और गुरूर निवासी विक्रांत सिन्हा (20) डेंगू से पीडि़त होकर इलाज के लिए पहुंचे थे। तीन अन्य लोगों की भी पहचान डेंगू मरीज के रूप में की गई है। हालंाकि स्वास्थ्य विभाग कुछ भी कहने से बच रहा है।

शहर में डेंगू के मरीज मिलने से निगम प्रशासन की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई है। एक के बाद एक वार्ड से डेंगू के संभावित मरीज मिलने से शहरवासियोंं में दहशत व्याप्त हो गई है। ऐसे मेंं जल्द ही ध्यान नहीं दिया गया, तो धमतरी शहर भी डेंगू की चपेट में होगा।

नोडल अधिकारी, डॉ फूलमाली ने बताया धमतरी जिले में डेंगू के एक भी मरीज नहीं मिले हैं। लगातार स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। भिलाई समेत अन्य शहरोंं से मरीज इलाज के लिए धमतरी आ रहे हैं।

Published on: