
धमतरी. तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से खेत में काम करने गई तीन महिलाएं घायल हो गई। एक महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं प्राथमिक उपचार के बाद दो महिलाओं को छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार शनिवार को ग्राम बोडऱा (संबलपुर) निवासी महिला सावित्री यादव (27) गांव की अन्य महिलाओं को लेकर निंदाई करने के लिए अपनी खेत गई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे महिलाएं खेत के मेड़ में बैठकर खाना खा रही थी, तभी अचानक मौसम ने करवट बदला और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी। इसी दौरान जोर की गरज चमक हुई और महिलाएं बेहोश हो गई।
बताया जा रहा है कि महिलाओं को मूर्छित देख आसपास खेत में काम करने वाले लोग मौके में पहुंचे, जिन्हें फिर अस्पताल लाया गया। इस घटना में महिला सावित्री बाई की हालत गंभीर है, जबकि महिला पुनिया और सुमन बाई साहू की स्थिति ठीक है। सावित्री बाई को आईसीयू में भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि इलाज के बाद अब वह स्वस्थ्य है। दो अन्य महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायल सावित्री बाई के पति मिथलेश यादव ने बताया कि इलाज के बाद अब वह खतरे के बाहर है।
घटना के समय वह मजदूरी करने के लिए एफसीआई गोदाम अधारी नवागांव आया था। घटना की खबर लगते ही वह तत्काल पहुंचे। इस घटना में किसी को भी कोई गंभीर चोटें नहीं आई है।