धमतरी

नशे के खिलाफ गांव का शंखनाद! शराब बेचने वालों पर 50 हजार का जुर्माना, सूचना देने वाले को 25 हजार इनाम

Dhamtari News: धमतरी के हिंछापुर गांव ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। ग्राम सभा में फैसला लिया गया कि शराब बनाने या बेचने वालों पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

2 min read
May 10, 2026
नशे के खिलाफ गांव का शंखनाद! (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Chhattisgarh News: धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक का एक छोटा सा गांव हिंछापुर इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। लगभग 1500 की आबादी वाले इस गांव ने नशे के अभिशाप को जड़ से मिटाने के लिए जो कड़ा रुख अपनाया है, उसने बड़े.बड़े शहरों के लिए एक नजीर पेश कर दी है। वर्षों से कच्ची शराब के अवैध कारोबार से कलंकित हो रहे हिंछापुर ने अब नशामुक्त गांव बनाने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ाया है।

हिंछापुर में लंबे समय से करीब 32 परिवारों द्वारा अवैध कच्ची शराब का निर्माण और विक्रय किया जा रहा था। इसका सीधा असर गांव के युवाओं और पारिवारिक शांति पर पड़ रहा था। आए दिन होने वाले विवाद और बिगड़ते माहौल को देखते हुए नगरी एसडीओपी विपिन रंगारी ने कमान संभाली। पुलिस प्रशासन ने केवल डंडे का डर नहीं दिखाया, बल्कि जन-जागरूकता के जरिए ग्रामीणों के भीतर इस बुराई के खिलाफ लडऩे का जज्बा पैदा किया।

ये भी पढ़ें

CG Liquor News: ग्रामीणों ने खुद की शराब दुकान खोलने की मांग, प्रशासन पर उठे सवाल

ग्राम सभा में लिए गए कठोर और ऐतिहासिक निर्णय

सिहावा थाना प्रभारी और पुलिस टीम की मौजूदगी में आयोजित विशेष ग्राम सभा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने एक सुर में अवैध शराब को गांव से खदेड़ने का संकल्प लिया। सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए। यदि कोई भी व्यक्ति गांव में कच्ची शराब बनाते या बेचते पाया जाता है, तो उस पर 50,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। अवैध शराब के कारोबार की सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को गांव की ओर से 25,000 रूपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उल्लंघन करने वालों को शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के लाभ से वंचित करने की सिफारिश की जाएगी।

महिला शक्ति बनी मुहिम की रीढ़

इस नशा मुक्ति अभियान में महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका सबसे अहम रही है। एसडीओपी की पहल पर महिलाओं ने घर-घर जाकर जागरूकता फैलाई। गांव के सरपंच और जनप्रतिनिधियों ने भी इस फैसले का पुरजोर समर्थन किया है।

विपिन रंगारी, एसडीओपी नगरी के मुताबिक, नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे समाज को खोखला करता है। हिंछापुर के ग्रामीणों ने जो एकजुटता दिखाई है, वह काबिले तारीफ है। पुलिस प्रशासन इस मुहिम में गांव के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

ये भी पढ़ें

CG News: अब शराबी ड्राइवरों पर हाईटेक शिकंजा, ‘स्मेल डिटेक्शन’ से भी होगी पहचान, एडवांस मशीन से तुरंत कार्रवाई
Published on:
10 May 2026 06:29 pm
Also Read
View All