
धमतरी. छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से कांकेर क्षेत्र में झमाझम बारिश के बाद गंगरेल बांध छलकने लगा है। पल-पल बढ़ते आवक को देखते हुए मंगलवार को दोपहर 3 बजे कलक्टर की उपस्थिति में 6 रेडियल गेट खोलकर 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़ दिया गया। देर शाम 7 बजे डिस्चार्ज को बढ़ाकर 21,950 क्यूसेक कर दिया गया।
बांध के कैचमेंट एरिया में हो रही झमाझम बारिश से लगातार मंगलवार को सुबह से ही गंगरेल बांध में हजारों क्यूसेक पानी की आवक रही है। दोपहर 3 बजे यह आवक और बढ़ गई, पश्चात बांध का जलभराव 96.92 फीसदी तक पहुंच गया। बांध में पानी की आवक और इसकी सुरक्षा को देखते हुए दोपहर में कलक्टर डा. सीआर प्रसन्ना गंगरेल पहुंच गए। कंट्रोल रूम में सिंचाई विभाग के आला अधिकारियों से समीक्षा करने के बाद बांध के 6 रेडियल गेट को खोलकर 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़ दिया गया।
बाद में 5 सौ क्यूसेक पानी और बढ़ाया गया। उल्लेखनीय है कि शाम चार बजे की स्थिति में बांध में 19 हजार 896 क्यूसेक पानी की आवक हो रही थी, जिससे बांध 31.550 टीएमसी पानी संग्रहित हो गया। गेट खोलने के समय महापौर अर्चना चौबे, सभापति राजेन्द्र शर्मा, बांध प्रबंध के ईई अजय ठाकुर, एसडीओ डीएस कुंजाम समेत अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे। गंगरेल से पानी छूटते ही चंद मिनट में 4 किमी दूर डा. खूबचंद बघेल रूद्री बॅराज भी भर गया। यहां भी लोहे की गेट से पानी छलकने लगा, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन बैराज का 4 गेट खोल दिया।
रूद्री बॅराज से 10 हजार क्यूसेक पानी महानदी में बहाया जा रहा है, वहीं 2 हजार क्यूसेक पानी मुख्य नहर में बहाया जा रहा। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रूद्री, करेठा, अछोटा, कोलियारी, कलातराई, परसुली, दर्री, खरेंगा, देवपुर, भंवरमरा, दोनर, बोरसी, भोथा आदि गांवों में सरपंच और सचिवों को हाईअलर्ट रहने का निर्देश दिया है।
जिले में एक जून से लेकर अब तक 776.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। भू-अभिलेख शाखा के मुताबिक सबसे अधिक कुरूद तहसील में 827.2 मिमी और सबसे कम धमतरी तहसील में 727.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। इसी तरह मगरलोड तहसील में 781.1 मिमी और नगरी तहसील में 771.2 मिमी औसत वर्षा आंकी गई है। गौरतलब है कि मंगलवार की स्थिति मेंं जिले में 17.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। इसमें सबसे अधिक नगरी तहसील में 30.4 मिमी और सबसे कम मगरलोड तहसील में 5.5 मिमी वर्षा आंकी गई है। इसी तरह धमतरी तहसील में 22.2 मिमी और कुरूद तहसील में 11.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा निर्वाचन-2018 में डेटाबेस तैयार करने के लिए डिप्टी कलक्टर योगिता देवांगन को नोडल अधिकारी नियक्त किया है। इसके अलावा डीआईओ एनआईसी उपेन्द्र चंदेल और सीएम गुडगवर्नेंंस फेला के अंशुल अग्रवाल को भी डेटाबेस तैयार करने के लिए नियुक्त किया है।