
धमतरी. गंगरेल के मनोरम दृश्यों को निहारने के लिए रविवार को यहां सैलानियों की भारी भीड़ रही। छुट्टी का दिन होने के चलते अधिकांश लोग अपनी फैमिली के साथ वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर कैम्प का लुत्फ उठाने के लिए पहुंचे थे। सुरक्षा के मद्देनजर यहां गोताखोरों की भी तैनाती की गई थी।
उल्लेखनीय है कि इस साल जिले में मानसून मेहरबान रहा, जिसके चलते गंगरेल में 31 टीएमसी से ज्यादा पानी भरा हुआ है। अभी भी बांध के कैमचमेंट में हो रही बारिश से पानी की आवक बनी हुई है। अच्छी बारिश होने से गंगरेल समेत आसपास के क्षेत्र में हरियाली की चादर बिछी हुई है। यही कारण है कि यहां के मनोरम दृश्यों को देखने और अपने कैमरे में कैद करने के लिए गंगरेल में सैलानियोंं की भीड़ उमड़ रही है। सैलानी सुरेश अग्रवाल, पिंकी शर्मा ने बताया कि करीब तीन साल के बाद गंगरेल बांध में भरपूर पानी भरा है। इस मनोरम दृश्य को देखने के लिए वे यहां आए हैं। यहां आने पर अंगारमोती मंदिर में माता का दर्शन लाभ भी मिल जाता है, वहीं प्रकृति के बीच समय बीतने का भी मौका मिलता है। बांध क्षेत्र को और डेवलप करने की जरूरत है।
सैलानी पिंकी सोनी, अनन्या तिवारी का कहना है कि उन्हें गंगरेल का मनोरम दृश्य काफी सुहाया, लेकिन यहां सर्वसुविधा युक्त रेस्टोरेंट समेत बुनियादी सुविधाएं नहीं होने से उन्हें मायूसी हुई। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन यदि इन सुविधाओं को अपडेट कर दें, तो गंगरेल बांध प्रदेश का सबसे चर्चित पर्यटन स्थल बन सकता है।
एचवेंडर कैम्प में भी सैलानियों की भारी भीड़ रही। युवा महिमा देवांगन, कुलदीप सोनी ने बताया कि वे गंगरेल बांध और उसके आसपास क्षेत्र में फैले जंगल और एडवेंचर कैम्प का लुत्फ उठाने आए हैं। यहां उन्होंने वाल क्लोमिंग, कमांडो नेट, रैप्लिंग और झीप लाईन के रोमांच का लुत्फ उठाया। इसी तरह बच्चों ने नवग्रह गार्डऩ और झूले का आनंद लिया।
वाटर स्पोर्ट्स को लेकर भी सैलानियों में काफी उत्साह देखने को मिला। महेश तिवारी, आशुतोष साहू ने वाटर स्पोर्ट्स मेंं पैरासिलिंग, प्लायबोर्ड, ऑकटेन, जार्बिन बॉल का आनंद लिया। उनका कहना है कि वाटर स्पोर्ट्स शुरू होने से यहां मिनी गोवा से कम नहीं है। सैलिनियों ने मोटर बोट का भी मजा लिया। इसके अलावा पीडब्लूसी बाइक, बनाना राइड, सौ सीटर शीप, कयाक, पायडल बोट्स मेंं भी सैलानियों ने अपनी दिलचस्पी दिखाई।