
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बैंक के कैश काउंटर में घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। शहर के यूको बैंक में संदिग्ध अवस्था में काउंटर में घूम रहे दो युवक लूट को अंजाम देने आये थे। तभी अचानक बैंक अधिकारी की लैपटॉप पर नजर पड़ी जिससे तत्काल पुलिस को फोन कर जानकारी दी । पुलिस थाने में लाकर उसने पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे रत्नाबांधा रोड स्थित यूको बैंक में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो संदिग्ध युवकों को पुलिस पकड़ कर अपने साथ ले गई। बताया गया है कि ये दोनों युवक अपने पास काले कलर का बैग लटका कर रखे हुए थे, जिसमें कांच, टाइल्स चमकाने का केमिकल पड़ा हुआ था।
बैंक परिसर में घुसने के बाद दोनों फ्रंट काउंटर में कुछ देर रूके, इसके बाद सीधे काउंटर के अंदर प्रवेश कर गए। कैश काउंटर की तरफ वे जैसे ही बढ़े, तभी बैंक अधिकारी की नजर लैपटॉप पर पड़ गई। अधिकारी ने कुछ देर सीसी टीवी के जरिए उनकी गतिविधियों को देखा भी।
इसके बाद लूट की आशंका के मद़्देनजर तत्काल उसने कोतवाली पुलिस को फोन कर इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। थाने में दोनों को लाकर पूछताछ की जा रही है।
थानेदार राकेश मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए संदिग्ध युवकों में एक बिजनौर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। दूसरा रायपुर निवासी है। दोनों का आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, घर का पता आदि जानकारियां लेकर बिजनौर पुलिस से उसकी पतासाजी की जा रही है। इसके बाद उन पर कार्रवाई की जाएगी।