
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक युवक बरारी मार्ग पर लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। इस घटना के 72 घंटा बीतने के बाद भी पुलिस भरत हत्याकांड में लिप्त अपराधी तक नहीं पहुंच पाई है। हालांकि पुलिस के एक अधिकारी का दावा है कि जांच-पड़ताल में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ में लगा है, जिसके चलते इस हत्याकांड का जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार की रात किसी ने धारदार हथियार से भरत लाल निषाद (50) की हत्या कर दी थी। मृतक के सिर और चेहरे में गहरे जख्म के निशान थे। पुलिस की स्पेशल टीम और डॉग स्क्वाड को अपनी प्रारंभिक जांच में कुछ महत्वपूर्ण क्लू हाथ लगा है, जिसके आधार पर पुलिस अब यह दावा कर रही है कि जल्द ही अपराधी पुलिस के गिरफ्त में होंगा। पुलिस ने इस मामले में वह जिस किसान के पास काम करता था, उससे भी पूछताछ की है। इसके अलावा अन्य संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि भरत लाल अपराधिक किस्म का व्यक्ति था। आठ साल पहले उसने अपनी पत्नी की हत्या की थी। सात साल की सजा काटकर आने के बाद भी उसके आचरण में सुधार नहीं हुआ और गांव में कभी भी किसी से उलझ जाता था। उसकी अराजक हरकतों के चलते ही कई लोगों से रंजिश भी थी। अभी हाल ही में उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा 151 के तहत कार्रवाई भी हुई, जिसमें सप्ताहभर तक जेल में रहा। वहां से आने के बाद एक किसान के सब्जी बाड़ी में मजदूरी करने लगा था, इस बीच अज्ञात व्यक्ति ने मंगलवार की रात बरारी मार्ग में उसकी हत्या कर दी।
बताया गया है कि इस मामले की जांच में जुटी अर्जुनी-रूद्री पुलिस ने गांव-गांव में मुखबिरों का जाल बिछा दिया है। मृतक के साथ जिनका संबंध ठीक नहीं था, उन सबकी निगरानी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस हत्याकांड में लिप्त अपराधी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी, रजनेश सिंह ने बताया भरतलाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगा है। जांच के बाद अपराधी को पकड़ कर जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर देंगे।