
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी में हड़ताल के चलते इमरजेसी सेवा संजीवनी और महतारी एम्बुलेंस प्रभावित होते ही कंपनी ने अब बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरूवार को जीवीके कंपनी ने संघ के प्रदेश अध्यक्ष समेत 7 पदाधिकारियों को बर्खास्त कर दिया। इनमें धमतरी जिलाध्यक्ष भी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि ठेका प्रथा को खत्म कर समान काम समान मानदेय की मांग को लेकर संजीवनी और महतारी एक्सप्रेस के 53 पायलट और ईएमटी राजधानी रायपुर में आयोजित आंदोलन में शामिल होने के लिए चले गए हैं, जिसके चलते यहां इमरजेंसी सेवा बुरी तरह प्रभावित हो गई है। बुधवार को तो ऑन कॉल महतारी एक्सप्रेस नहीं मिलने से एक गर्भवती महिला को चलती आटो में ही प्रसव करना पड़ा। हड़ताल से दिन ब दिन बिगड़ती स्वास्थ्य सेवा को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रूख अपनाया है। स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ डा. डीके तुर्रे ने आंदोलन खत्म कर सभी कर्मियों को काम में लौटने का आदेश दिया है।
इधर, राज्य सरकार के कड़े तेवर को देखते हुए जीवीके कंपनी ने हड़ताली कर्मचारियों की बर्खास्तगी शुरू कर दी है। गुरूवार को हड़ताल के नेतृत्वकर्ता प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र राठौर समेत धमतरी जिलाध्यक्ष मोहनीश सिन्हा, शिव साहू, लोकेश डड़सेना, पुरूषोत्तम यादव, घनश्याम साहू व रघुनाथ साहू को बर्खास्त कर दिया गया।
नोडल अधिकारी, देवेन्द्र गजेन्द्र ने बताया इमरजेंंसी सेवा को देखते हुए शासन ने हड़ताल को अवैधानिक करार दिया है। नोटिस जारी कर सभी से तत्काल काम पर लौटने के लिए कहा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
हड़ताली कर्मचारी मोहनीश सिन्हा, छगन साहू, ईश्वर सिन्हा ने कहा कि वे दमन के आगे नहीं झुकेंगे। हम अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। राज्य सरकार को सह्रदय से विचार कर उनकी मांग पूरी करनी चाहिए।