धमतरी

राष्ट्र प्रेम की भावना को युवा मिलकर करेंगे मजबूत, चलाया घर-घर लहराएंगे तिरंगा अभियान

पत्रिका की ओर से घर-घर लहराएंगे तिरंगा अभियान चलाया गया

2 min read
Aug 15, 2018
independence day
राष्ट्र प्रेम की भावना को युवा मिलकर करेंगे मजबूत, चलाया घर-घर लहराएंगे तिरंगा अभियान

धमतरी. जश्ने आजादी के मौके पर पत्रिका की ओर से घर-घर लहराएंगे तिरंगा अभियान चलाया गया। युवा समेत सभी वर्गों में इस महान राष्ट्रीय पर्व को लेकर काफी उत्साह दिखा। उनका कहना है कि हजारों शहीदों ने जब अपना खून दिया, तब कहीं जाकर ये आजादी हमें मिली है। तिरंगा हमारी आन-बान और शान का प्रतीक है। इसके गौरव की रक्षा हम हमेशा करते रहेंगे।

शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों समेत अन्य जगहों पर तिरंगा लहाराया जाएगा। पर्व के एक दिन पूर्व लोगों में देश प्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से पत्रिका टीम ने कालेज, स्कूल समेत अन्य जगहों पर तिरंगा अभियान चलाया, जिसमें छात्र-छात्राएं, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल हुए। उनमें आजादी के पर्व को लेकर काफी जोश दिखा। बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव पीजी कालेज में स्वतंत्रता दिवस के पर्व को लेकर काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने अपने हाथों में तिरंगा झंड़ा लेकर खुशियां मनाई। इसके अलावा देश की सुरक्षा का संकल्प भी लिया।

छात्र विशु देवांगन प्रीतम सिन्हा ने बताया कि सालों संघर्ष करने के बाद हमें आजादी मिली है। शहीद सुभाषचन्द्र बोस, सरदार भगत सिंह समेत अन्य वीरों की बदौलत खुली हवा में सांस ले रहे हैं। छात्र नोमेश कुमार, वैभव जाधव का कहना है कि हमें इस महान राष्ट्र का नागरिक होने का गर्व हासिल हुआ है। वीर जवानों की तरह सीमा पर खड़े होकर दुश्मनों से लड़ तो नहीं सकते, लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वालों को अपनी ताकत जरूर दिखा सकते हैं।

क्या कहते हैं युवा

युवा देश राजा देवांगन ने बताया के हर व्यक्ति को अपने राष्ट्रध्वज का सम्मान करना चाहिए। यह हमारी आन और शान का प्रतीक है। देश के प्रति निष्ठा और वफादारी का जज्बा पैदा करता है तिरंगा।

युवा रवि देवांगन ने बताया अंग्रेजों से आजादी तो मिल गई है, लेकिन आज देश को आतंकवाद और माओवाद जैसी समस्याओं से आजाद होना जरूरी है। तिरंगे की अजमत को हम सलाम करते है।

युवा आकाश कुर्रे ने बताया देश प्रेम की भावना ही करोड़ों भारतीयों को एक धागे में मोती की तरह पिरोकर रखती है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू आदि महापुरूषों के कारण ही हमें आजादी मिली है।

युवा लिकेश ठाकुर ने बताया हर भारतवासियों में अपने देश के प्रति प्रेम की भावना होती है। लहराते तिरंगे को देखकर नई उर्जा मिलती है। यहां की मिट्टी का हम पर कर्ज है, जिसे कभी चुकाया नहीं जा सकता है।

Published on:
15 Aug 2018 12:28 pm