
सांकरा. बारिश के चलते ग्राम पंचायत बोराई के आश्रित गांव बुरडा के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। नदी के तेज धारा को पारकर उन्हें आना-जाना पड़ रहा है। वे सालों से नदी में पुल बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई। एेसे में बारिश के वक्त जब नदी में पानी भर जाता है गांववालों को जान हथेली पर लेकर यहां से आना जाना पड़ता है। इस कारण उनमें रोष व्याप्त है। पर अभी तक प्रशासन द्वारा इस कार्य में कोई भी पहल नही दिखाई जा रही है।
विकास कार्यों के मामले में शासन-प्रशासन द्वारा वनांचल के गांवों की जा रही है। मूलभूत बुनियादी सुविधाओं का लाभ नहीं मिलने के कारण भी यहां के ग्रामीण संघर्ष कर रहे हैं। विकास योजनाएं केवल फाइलों तक सीमित होकर रह गई है। ग्राम बुरडा के ग्रामीणों ने बताया कि विकास की किरण अब तक नहीं पहुंच पाई है। यह गांव सितानदी रेंज के अंतर्गत आता है। केवल चुनाव के दौरान ही जनप्रतिनिधि वोट मांगने आते हैं। सत्ता मिलने के बाद मुडक़र भी गांव की तरफ नहीं देखते। इस कारण मांगों को लेकर जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता है, लेकिन वहां से भी मायूसी हाथ लग रही है। अधिकारी सिर्फ आश्वसन देते हैं, करते कुछ नहीं हे। इस कारण उनके प्रति रोष व्याप्त है।
बोराई के सरपंच सुरेश सामरथ ने कहा कि नदी में पुल बनाना जरूरी हो गया है। इसके लिए फारेस्ट विभाग के अधिकारी एनओसी नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बीच में नदी पड़ता है। गर्मी के दिनों में यह नदी सूखा होने से आवाजाही करने में ज्यादा दिक्कत नहीं होती है। झामझम बारिश होने पर नदी में पानी का तेज धारा चलते ही आवाजाही बंद हो जाती है। इसलिए नदी का पानी कम होने तक इंतजार करना पड़ता है। इसलिए शासन-प्रशासन को पुल निर्माण पर ध्यान देना चाहिए।