
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हाइवे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। इस घटना ने फिर एक बार शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की पोल खोल दी है।
शहर के भीतर यह सड़क दुर्घटना सोमवार को दोपहर करीब एक बजे का है। पुलिस के मुताबिक भाठापारा अभनपुर निवासी योगिता पॉल (26) अपने पति फनेश पॉल के साथ बाइक से रिश्तेदार के घर लखनपुरी (चारामा) गया था। एक दिन रूकने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे, कि महावर धर्मशाला के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उन्हें ठोकर मार दिया। इसके बाद ट्रक चालक वाहन को लेकर फरार हो गया। दुर्घटना में योगिता और फनेश दोनों को चोटे आई। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल 108 संजवीनी एक्सप्रेस की मदद से अस्पताल लाया गया, जहां योगिता की मौत हो गई। फनेश खतरे से बाहर है।
उधर, इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आसपास दुकानों में लगे सीसी टीवी कैमरे के फूटेज को खंगाला तो पता चला कि उक्त ट्रक का क्रमांक सीजी 19 एच-0919 है। इस आधार पर चालक को गिरफ्तार कर लेने का दावा किया गया है। उल्लेखनीय है कि नेशनल हाइवे में इस घटना को मिलाकर अब तक करीब 12 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद भी ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था को सुधारने के लिए अपना ढर्रा नहीं बदल रही। शहर के व्यस्त मार्गों में आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से एक बार फिर लोगों का आक्रोश बढ़ गया है।
रविवार की शाम स्थानीय रामपुर वार्ड निवासी युवक हुलेश सपहा और अजय नेताम की नेशनल हाइवे में रोड डिवाइडर से टकराने से दर्दनाक मौत हो गई थी। पिछले दिनों सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया था कि लगातार हो रही दुर्घटना को देखते हुए डिवाइडर को 4 फीट ऊंचा करेंगे, लेकिन नहीं किया गया। युवा रौनक अग्रवाल, मीतेश जैन, ज्ञानचंद का कहना है कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के नाम पर पुलिस प्रशासन ने जितना भी प्रयोग किया, वह सब असफल सिद्ध हुआ है।
ट्रैफिक इंचार्ज, रेवती वर्मा ने बताया शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस काफी जागरूक है। दुर्घटनाओं में काफी कमी आई है। पुलिस अपने स्तर पर पूरा प्रयास कर रही है।