
धमतरी. एक के बाद एक निजी सेक्टर के बैंकों की स्थिति खराब हो रही है, जिसका असर धमतरी जिले के बैंकोंं में भी देखने को मिल रहा है। यस बैंक संकट (Yes Bank Crisis) के बाद जमाकर्ताओं की बेचैनी बढ़ गई है। ऐसे में अब उपभोक्ताओं मेंं बैंकों के प्रति विश्वास कम होने लगा है। यही वजह है कि पिछले दो दिनोंं में जिले के विभिन्न बैंकों से सैकड़ों जमाकर्ताओं ने करीब 50 करोड़ की राशि निकाली है, जो सामान्य दिनों की अपेक्षा कही ज्यादा है।
यस बैंक की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई है। ऐसे में बैंक के खाते से रुपए निकालने की सीमा को 50 हजार रुपए तक कर दिया है। आर्थिक मंदी के चलते अब तक देश के विभिन्न बैंकों का विलय भी हो चुका है। ऐसे में इसका सीधा असर धमतरी जिले के बैंकोंं में भी देखने को मिल रहा है।
पत्रिका ने शनिवार को स्टेट बैंक समेत कुछ निजी सेक्टर के बैंकों का मुआयना किया, देखा गया है कि वहां राशि आहरण करने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ लगी हुई थी। उपभोक्ता अंकुश साहू, राकेश तिवारी, पवन अग्रवाल ने बताया कि वे व्यापारी है। लेन-देन करने के बाद शेष राशि को बैंक में जमा कर देते है। जब से आर्थिक मंदी का दौर शुरू हुआ है, बैंकोंं में भी इसका स्पष्ट असर देखने को मिल रहा है।
यही वजह है कि अब उनका विश्वास बैंकोंं से हटने लगा है। एक जानकारी के अनुसार जिले में करीब 27 राष्ट्रीयकृत बैंकों के अलावा 11 निजी सेक्टर के बैंक संचालित हो रहा हैं। यहां करीब 10 लाख से अधिक खाताधारी हैं। इसमें से करीब 40 फीसदी खाताधारी ऐसे हैं, जिनका खाता निजी सेक्टर के बैंकों में हैं।
इतना आता है खर्च
सूत्रों की मानें तो निजी बैंकों की अपेक्षा राष्ट्रीयकृत बैंकों में ग्राहकों की जमापंूंजी ज्यादा सुरक्षित होती है। उन्होंंने आगे बताया कि मान लो एक बैक में यदि 5 कर्मचारी है, तो उसे मेनटेन करने के लिए प्रतिमाह औसत करीब 2 लाख रुपए का खर्च आता है। जबकि निजी बैंकोंं में यह खर्च 3 फीसदी ज्यादा होता है। लोन देने के बाद वसूली नहीं कर पाने की स्थिति में बैंक डूबने के कगार पर पहुंच जाता है।
एक्सपर्ट व्यू
अर्थशास्त्री अनंत दीक्षित, एमके शर्मा का कहना है कि आरबीआई के गाइडलाइन के अनुसार कोई भी बैंक किसी भी व्यक्ति को निर्धारित सीमा से ज्यादा लोन नहीं दे सकता। लेकिन देखा जा रहा है कि कुछ निजी सेक्टर के बैंक, उद्योगपतियों और आम उपभोक्ताओं को लोन तो दे रहे है, लेकिन उसकी वसूली नहीं कर पा रहे है। यही वजह है कि बैंक डूबने के कगार पर पहुंच गए है। ऐसे में निजी सेक्टर के बैंकों पर अंकुश लगाकर राष्ट्रीकृत बैंकों के विकास के लिए शासन को ध्यान देने की जरूरत है।
उपभोक्ता विरेन्द्र वैष्णव ने कहा, यस बैंक की स्थिति को देखने के बाद अब उपभोक्ताओं का विश्वास बैंको से उठने लगा है। बैंकोंं में उपभोक्ताओं की जमा पूंजी सुरक्षित नहीं है। इस दिशा में सरकार को उचित कदम उठाना चाहिए।
उपभोक्ता विशाल सोनी ने कहा, उपभोक्ता अपनी कमाई के रकम को सुरक्षित रखने के लिए बैंकों को सबसे उपयुक्त जगह मानते थे, लेकिन अब बैंकोंं से भी विश्वास उठने लगा है। ऐसे में शासन को निजी सेक्टर की जगह राष्ट्रीय बैंकोंं को बढ़ावा देना चाहिए।
लीड बैंक अधिकारी अमित रंजन ने बताया कि धमतरी जिले के बैंकों में फिलहाल मंदी का असर नहीं दिख रहा है। उपभोक्ताओं की राशि भी सुरक्षित है, इसलिए चिंता करने जैसी कोई बात नहीं है।